

Mathura Train Rescue Of GRP Head Constable: मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-9 पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लालकुआं-राजकोट स्पेशल ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री का पैर अचानक फिसल गया और वह चलती ट्रेन के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए यात्री को सुरक्षित बचा लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10 बजे लालकुआं-राजकोट स्पेशल ट्रेन मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-9 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। अचानक पैर फिसलने से वह ट्रेन की चपेट में आ गया और ट्रेन के साथ घिसटने लगा। यात्री को इस हालत में देखकर प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार तुरंत हरकत में आए। उन्होंने बिना समय गंवाए ट्रेन के पीछे दौड़ लगाई और जोखिम उठाते हुए यात्री को पकड़कर ट्रेन से अलग खींच लिया। इसके बाद यात्री को सुरक्षित प्लेटफार्म पर पहुंचाया गया। समय रहते हुई इस कार्रवाई से यात्री की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार के साहस और तत्परता की सराहना की। बुधवार शाम घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद उनकी बहादुरी की चर्चा और तेज हो गई। वीडियो में हेड कांस्टेबल यात्री को बचाने के लिए ट्रेन के साथ दौड़ते नजर आ रहे हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार ने ड्यूटी के दौरान जिस साहस और सूझबूझ का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उनकी तत्परता के कारण यात्री की जान बचाई जा सकी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी कर्मी की बहादुरी की स्टेशन परिसर से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा हो रही है।
रेलवे अधिकारियों और यात्रियों ने भी लोगों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।