

Divorced Father Child Custody: कानपुर के कल्याणपुर में रहने वाले युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर आत्महत्या की चेतावनी दी है जिससे हड़कंप मच गया है। बता दें कि इसके पहले भी युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया था जिसके कारण वह दिव्यांग हो गया था। युवक का आरोप है कि उसकी तलाकशुदा पत्नी उसके बच्चे से उसको मिलने नहीं दे रही है और संबंधित थाने की पुलिस भी उसकी सुनवाई नहीं कर रही। युवक ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई है।
कल्याणपुर का रहने वाला युवक अनुराग दिक्षित ने बताया कि वह अपने बेटे से मिलने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है इसके लिए उसने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी गुहार लगाई है। युवक अनुराग दीक्षित ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में हुई थी तब वह आर्थिक रूप से संपन्न था। उसके पास चार पहिया वाहन भी था। शादी के बाद उसका एक पुत्र भी हुआ था। सब हंसी-खुशी चल रहा था परिवार खुश था लेकिन अचानक से उसको व्यापार में नुकसान होने लगा।अनुराग आर्थिक तंगी की कगार पर आ गया और उसके पास कुछ नहीं बचा।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे अनुराग को जब उसकी पत्नी भी जनवरी 2025 में छोड़कर उसके बच्चे को लेकर मायके चली गई और काफी मनाने के बाद भी वापस नहीं आई तो उसने एक खौफनाक कदम उठाया और आत्मदाह का प्रयास कर लिया। इसमें अनुराग की जान तो बच गई लेकिन वह दिव्यांग हो गया।
उसके बाद उसने खुद से न्यायालय कानपुर नगर में अपनी पत्नी से तलाक के लिए मुकदमा दाखिल कर दिया इसमें भी उसने तर्क दिया कि आर्थिक तंगी के चलते उसकी पत्नी उसको छोड़ कर चली गई। उसकी जान पर बन आई थी लेकिन इस दौरान भी उसकी पत्नी उसको देखने नहीं आई। वही पूरे मुकदमे की सुनवाई के दौरान भी उसकी पत्नी न्यायालय के समक्ष पेश नहीं हुई जिसके चलते न्यायालय ने एकपक्षीय आदेश करते हुए अनुराग दीक्षित का तलाक स्वीकृत कर दिया लेकिन अनुराग अपने बच्चे से बहुत प्यार करता है। वह उससे मिलने के लिए तड़प रहा है।
इसके चलते उसने उच्च न्यायालय इलाहाबाद में एक रिट याचिका दाखिल की थी। अनुराग ने ये रिट याचिका अपने बच्चे की कस्टडी के लिए दाखिल की थी। रिट याचिका को हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया और कहा कि यह मामला वैवाहिक झगड़े से संबंधित है इसलिए इसका निपटारा जिला न्यायालय कानपुर में किया जाए।
अनुराग का आरोप है कि उसने कानपुर के बर्रा थाने की पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और बच्चे से मिलाने के लिए आग्रह किया। जिस पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई जिसके चलते उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाते हुए प्रार्थना पत्र प्रेषित किया।
बच्चे से मिलने के लिए तड़प रहे पिता अनुराग दीक्षित की सुनवाई जब कहीं नहीं हुई तो अब उसने सोशल मीडिया को अपना माध्यम बनाया। फिलहाल उसके द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिससे हड़कंप मचा हुआ है। उसने वीडियो पोस्ट कर यह धमकी दी है कि वीडियो पोस्ट होने के 2 घंटे के अंदर यदि उसके बच्चे से उसको नहीं मिलाया गया तो वह आत्महत्या कर लेगा।