झांसी में निकाह के बाद दूल्हे ने मांगे 45 लाख और बुलेट, पिता की बिगड़ी तबीयत तो बारात लेकर फरार हुआ दूल्हा

Jhansi Groom Flees Over Dowry Demand: शादी का जोड़ा पहने व हाथों में मेहंदी सजाए दुल्हन दूल्हे की वापसी की उम्मीद में इंतजार करती रही, लेकिन न दूल्हा लौटा और न ही उसके परिवार की ओर से कोई संपर्क हुआ।
Jhansi dowry case
झांसी दहेज मामला(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • भोपाल से झांसी आई थी बारात, निकाह के बाद नकदी और मोटरसाइकिल की मांग का आरोप

  • मेडिकल कॉलेज पहुंचे दुल्हन के पिता तो दूल्हा-बराती विवाह घर छोड़कर निकले

  • मेहंदी लगाए दुल्हन करती रही दुल्हे का इंतजार

Dowry Demand After Nikah: बेटी के निकाह की खुशियां उस वक्त अचानक मातम और विवाद में बदल गईं, जब निकाह कबूल होने के बाद दूल्हे ने कथित तौर पर दुल्हन पक्ष के सामने 45 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रख दी। इतनी बड़ी मांग सुनकर परिवार के लोग सन्न रह गए। आरोप है कि काफी समझाने के बावजूद दूल्हा अपनी जिद पर अड़ा रहा।

बेटी की शादी के बीच शुरू हुए इस विवाद से दुल्हन के पिता इरफान की तबीयत बिगड़ गई और उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। परिजन उन्हें आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। इसी बीच मौका पाकर दूल्हा अपने परिजनों और बरातियों के साथ विवाह घर से चला गया।

शादी समारोह में पसरा दुःख

इधर, शादी का जोड़ा पहने और हाथों में मेहंदी सजाए दुल्हन दूल्हे की वापसी की उम्मीद में रातभर इंतजार करती रही, लेकिन न दूल्हा लौटा और न ही उसके परिवार की ओर से कोई संपर्क किया गया। आखिरकार पीड़ित परिवार ने सीपरी बाजार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, झांसी जिला के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अलीगोल खिड़की बाहर निवासी रिजवान की बहन का रिश्ता भोपाल के दिलखुश बाग निवासी युवक से तय हुआ था। शनिवार रात शिवपुरी रोड स्थित एक विवाह घर में शादी समारोह आयोजित किया गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार भोपाल से बरात पहुंची।

स्वागत और शादी की रस्मों के बाद दोनों का निकाह भी संपन्न हो गया। परिवार के लोग नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर खुशियां मना रहे थे, तभी दूल्हे की कथित मांग ने पूरे समारोह का माहौल बदल दिया।

Sipri Bazar Police Station
थाना सीपरी बाज़ार(सोर्स: नवभारत लाइव)
Jhansi dowry case
मथुरा में लुटेरी दुल्हन गैंग का खुलासा; शादी के नाम पर 1.15 लाख की ठगी, दुल्हन समेत तीन गिरफ्तार

दुल्हन पक्ष का आरोप- मांग पूरी न होने पर खड़ा हुआ विवाद

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि 45 लाख रुपये और बुलेट की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा पक्ष विवाद करने लगा। इसी दौरान पिता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। आरोप है कि उनके अस्पताल पहुंचते ही बरात विवाह घर से रवाना हो गई।

परिवार के मुताबिक, सुबह तक दूल्हे की कोई खबर नहीं मिली। इसके बाद परिजन सीपरी बाजार थाने पहुंचे। थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे के अनुसार, लड़की पक्ष ने प्रार्थना पत्र दिया है। फिलहाल दोनों पक्षों में समझौते की बातचीत चल रही है। सहमति नहीं बनने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Jhansi dowry case
Aligarh: दहेज में बाइक नहीं मिली तो बारात लाने से किया इनकार, मेहंदी रचाए दुल्हन करती रही दूल्हे का इंतजार