मथुरा में लुटेरी दुल्हन गैंग का खुलासा; शादी के नाम पर 1.15 लाख की ठगी, दुल्हन समेत तीन गिरफ्तार

Mathura Loot Bride Gang: शादी के नाम पर 1.15 लाख रुपये की ठगी के मामले में सुरीर पुलिस ने कथित लुटेरी दुल्हन समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 45,010 रुपये नकद और तीन मोबाइल बरामद किए।
Mathura Police Bust Fake Marriage Fraud Gang, Three Including Alleged Looteri Dulhan Arrested
दुल्हन समेत तीन गिरफ्तार(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Looteri Bride Arrested In Mathura: शादी के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का थाना सुरीर पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों के साथ कथित लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गैंग ने एक युवक से शादी कराने के नाम पर 1.15 लाख रुपये लिए और मंदिर में शादी कराने के बाद दुल्हन को उसके घर भेज दिया। इसके बाद दुल्हन अपने कथित साथियों के साथ वहां से फरार हो गई।

अलीगढ़ के पनैढी स्थित देवी मंदिर में कराई गई शादी

पुलिस के अनुसार, नगला जयसिंह निवासी चन्द्रभान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी शादी कराने के नाम पर उसकी बुआ के लड़के सुन्दर ने उससे 1.15 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद उसे अलीगढ़ के पनैढी स्थित देवी मंदिर ले जाया गया, जहां एक युवती से उसकी शादी कराई गई।

शादी के दौरान चाचा के रूप में रविन्द्र भाटी और भाई के रूप में दिनेश भाटी, निवासी गांव गड़याना, थाना ककोड़, बुलंदशहर, भी मौजूद बताए गए। पुलिस के मुताबिक शादी के एवज में चन्द्रभान से 99 हजार रुपये ऑनलाइन यूपीआई के जरिए और 16 हजार रुपये नकद लिए गए।

शादी के बाद साथियों के संग फरार हुई दुल्हन

शादी के बाद युवती को चन्द्रभान के साथ उसके गांव नगला जयसिंह भेज दिया गया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद युवती अपने कथित साथियों सुन्दर और इरफान के साथ फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना सुरीर में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले में कार्रवाई करते हुए सुरीर पुलिस ने 28 अगस्त को दोपहर 1:05 बजे खायरा चौकी क्षेत्र में खायरा कोठी के पास पेड़ के नीचे से सुन्दर, इरफान और कथित लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया।

Mathura Police Bust Fake Marriage Fraud Gang, Three Including Alleged Looteri Dulhan Arrested
मथुरा में रक्षाबंधन की रात दिखा विशाल अजगर; थम गए वाहनों के पहिए, देखने के लिए जुटी भीड़..वायरल हुआ वीडियो

पुलिस ने बरामद किए 45,010 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 45,010 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सुन्दर के पास से 15,500 रुपये और रियलमी मोबाइल, इरफान से 22,010 रुपये और रियलमी मोबाइल तथा युवती से 7,500 रुपये और सैमसंग मोबाइल बरामद किया गया।

पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 190/2026, धारा 319(2), 61(2), 3(5) और 317(2) बीएनएस के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी अरुण कुमार डागर, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक मानकचन्द शर्मा, हेड कांस्टेबल पुनीत शर्मा और महिला कांस्टेबल अयुषी शामिल रहीं।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और गैंग द्वारा पूर्व में की गई ऐसी वारदातों की भी जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com