लूट, हत्या से लेकर डकैती तक के 90 मामले…दिल्ली के रिहान का UP पुलिस ने किया एनकाउंटर, 50 हजार का था ईनाम
Criminal Rihaan Encounter: यूपी में गुरुवार की रात पुलिस से एनकाउंटर में दिल्ली का बदमाश रिहान ढेर कर दिया गया। रिहान पर 50 हजार का इनाम था।
- Written By: अर्पित शुक्ला
रिहान (फाइल फोटो)
UP Encounter News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी ढेर हो गया। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कसेरवा मार्ग पर हुई इस क्रॉस फायरिंग में दिल्ली निवासी रिहान मारा गया। रिहान न केवल झिंझाना क्षेत्र की एक बड़ी लूट में वांछित था, बल्कि दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से आतंक का पर्याय बना हुआ था।
यह मुठभेड़ गुरुवार देर रात बाबरी थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर निवासी राहुल पुत्र सुंदर से बाइक सवार बदमाशों ने नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने शामली कोतवाली और आदर्श मंडी थाना पुलिस को अलर्ट किया और जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
दो साथी फरार
जब पुलिस टीम झिंझाना रोड पर नहर पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी, तभी बाइक सवार संदिग्धों को रुकने का संकेत दिया गया। बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सम्बंधित ख़बरें
ASEAN 59th Anniversary: आसियान की रोशनी से जगमगा उठा कुतुबमीनार, नई दिल्ली में 59वीं वर्षगांठ का हुआ आयोजन
70 साल तक बेबस रही शहीद की धरती, फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिटा दिया तीन पीढ़ियों का दर्द
फर्टिलिटी का भविष्य फ्रीजर में; आगरा में विशेषज्ञों ने बताया एग, स्पर्म और एम्ब्रियो प्रिजर्वेशन का महत्व
सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी में UP रचने जा रहा इतिहास! अवाडा और एंबर जैसी कंपनियों की पहली पसंद क्यों बना राज्य?
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिनाख्त के बाद उसकी पहचान दिल्ली के ओखला निवासी रिहान के रूप में हुई।
करीब 90 आपराधिक मुकदमे थे दर्ज
पुलिस के अनुसार, रिहान का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा रहा है। उस पर लूट, हत्या और डकैती जैसे संगीन अपराधों के लगभग 90 मुकदमे दर्ज थे। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिहान पिछले एक साल से झिंझाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी लूट के मामले में फरार चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का प्रस्ताव हाल ही में शासन को भेजा गया था।
यह भी पढ़ें- कपड़े उतरवाए-गर्म चम्मच से जलाया, प्राइवेट पार्ट पर डाला पेट्रोल…गुरुग्राम में मासूमों से हुई दरिंदगी
इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से एक पुलिस सिपाही भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूपी पुलिस ने मौके से बदमाशों की बाइक, अवैध हथियार और लूटा गया सामान बरामद किया है। फरार हुए दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं। शामली पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के हौसले पस्त करने वाली बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
