धनंजय सिंह ने रची साजिश? गवाह ने खोले अजीत हत्याकांड के राज, अदालत में फोड़ा बम
Ajit Singh Murder Case: लखनऊ में हुए बहुचर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में एक बार फिर जौनपुर के बाहुबली नेता धनंजय सिंह का नाम आया है। चश्मदीद गवाह ने कोर्ट में कहा कि धनंजय सिंह साजिश में शामिल थे।
- Written By: अभिषेक सिंह
धनंजय सिंह (फोटो- सोशल मीडिया)
Dhananjay Singh: राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड स्थित कठौता झील चौराहे के पास उपप्रमुख अजीत सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में गवाह मोहर सिंह ने अदालत में गवाही के दौरान तीन शूटरों की पहचान की। उन्होंने यह भी बताया कि इस हत्या की साजिश रचने में पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भी भूमिका थी।
इस मामले की सुनवाई कर रहे एमपी/एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश हरबंस नारायण ने बचाव पक्ष के गवाह मोहर सिंह से जिरह के लिए 28 जुलाई की तारीख तय की है। अजीत सिंह पर हमले के दौरान मौजूद मोहर सिंह भी घायल हो गया था। एसटीएफ ने इस मामले में धनंजय को हत्या के आरोप से क्लीन चिट दे दी थी।
सीपू सिंह की हत्या से कनेक्शन!
मोहर सिंह एक आपराधिक मामले में गाजीपुर जेल में बंद है। इस हत्याकांड में गवाही के लिए उसे कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश किया गया था। अदालत में अपना बयान दर्ज कराते हुए गवाह मोहर सिंह ने कहा है कि अजीत की हत्या से पहले सीपू सिंह की हत्या हुई थी। जिसमें ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू आरोपी था और अजीत सिंह गवाह था। इसके बाद कुंटू सिंह और उसके साथी अजीत सिंह को गवाही न देने की धमकी देते थे।
सम्बंधित ख़बरें
अमरावती जिले में महिला यात्री निशाने पर, बस-ऑटो सफर में लाखों के गहने चोरी, 48 घंटे में 3 बड़ी वारदातें
अमरावती में महिला पार्षद को ब्लैकमेल कर 50 लाख की रंगदारी मांगने का मामला, दो गुट आमने-सामने
बलिया में खूनी तांडव: पत्नी से विवाद का ऐसा खौफनाक अंत; मासूम बेटे को भी नहीं बख्शा
दिल्ली में खाकी का खौफ! द्वारका में स्पेशल सेल के जवान ने मजदूरों पर बरसाईं गोलियां, एक की मौत से मचा हड़कंप
‘धनंजय ने कहा- रास्ते से हटा देना’
बताया गया कि वर्ष 2020 में अजीत सिंह के घर रुद्राभिषेक हुआ था। प्रदीप सिंह कबूतरा अपने साथियों के साथ इसमें शामिल हुआ था। यहाँ भी प्रदीप सिंह ने उसे गवाही न देने को कहा था। ऐसा न करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। बताया गया कि अखंड प्रताप सिंह, कुंटू सिंह और धनंजय सिंह दोस्त हैं। इसलिए धनंजय सिंह ने अखंड से कहा था कि अगर अजीत गवाही देता है, तो उसे रास्ते से हटा देना।
मोहर सिंह ने की शूटरों की पहचान
गवाह मोहर सिंह ने आगे बताया कि अजीत की हत्या की साजिश कुंटू, अखंड, प्रदीप और धनंजय सिंह ने रची थी। धनंजय ने ही शूटर बुलाए थे। गवाह ने अदालत में मौजूद शिवेंद्र सिंह उर्फ अंकुर, मनीष उर्फ बंधन, मुस्तफा उर्फ बंटी और राजेश के अलावा हरियाणा, जौनपुर और यमुनानगर जेलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए पेश हुए तीन आरोपियों की पहचान शूटरों के रूप में की।
कोर्टे ने दिए गवाह की सुरक्षा के आदेश
गवाह मोहर सिंह ने अदालत में अर्जी दाखिल कर कहा कि हत्याकांड में घायल और चश्मदीद गवाह होने के साथ-साथ वह इस मामले में वादी भी हैं और उसकी जान को खतरा है। जिस पर अदालत ने पुलिस कमिश्नर लखनऊ को गवाह को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश दिया है।
यह भी पढ़ें: ईडी ने खोला छांगुर बाबा का कच्चा चिट्ठा, 22 बैंक खातों में विदेश से लिए 60 करोड़
जानिए क्या है पूरा मामला?
6 जनवरी 2021 को मुहम्मदाबाद गोहना मऊ के पूर्व उप प्रमुख अजीत सिंह की विभूतिखंड इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके साथी मोहर सिंह घायल हो गए थे। मोहर ने विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। जांच में धनंजय सिंह की संलिप्तता का भी आरोप लगाया गया था। बाद में धनंजय के मामले की जांच एसटीएफ को सौंप दी गई थी। जांच में एसटीएफ ने हत्या और साजिश के मामले में आरोपी धनंजय सिंह को क्लीन चिट दे दी थी।
