Bhandara News: गुस्साई महिलाओं ने शिक्षक को चप्पलों से पीटा। नन्हीं छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाकर करता था गंदी हरकतें। सूचना मिलते ही स्कूल पहुंचे ग्रामीण, शिक्षक पकड़ा गया। लोगों ने आरोपी को चौक में लाकर सार्वजनिक रूप से धुनाई की। विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल, आरोपी को पुलिस को सौंपा गया। बच्चियों से अभद्र व्यवहार की खबर से गांव में रोष फैल गया।
भंडारा जिले में शिक्षक और छात्राओं के पवित्र संबंध को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। प्राथमिक स्कूल की मासूम छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोप में एक शिक्षक की करतूत उजागर होने के बाद गुस्साए ग्रामीणों और अभिभावकों ने उसे पकड़कर बीच चौक में चप्पलों से जमकर पीटा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना पवनी तहसील के वडेगांव स्थित जिला परिषद प्राथमिक स्कूल की है। आरोपी शिक्षक का नाम अनिल जगन राऊत 54 है। इस मामले का खुलासा होते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया।
सूत्रों के अनुसार, वडेगांव जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में पहली से चौथी कक्षा तक पढ़ाई होती है और स्कूल में कुल 19 छात्रछात्राएं हैं। यह एकल शिक्षक वाला स्कूल है। करीब पांच वर्ष पहले अनिल राऊत का इस स्कूल में तबादला हुआ था। आरोप है कि पढ़ाई कराने के बजाय वह छोटी छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाता था और उनके साथ अनुचित व्यवहार करता था।
मासूम बच्चियों के साथ नजदीकी बढ़ाकर उनके साथ गलत हरकतें करने और दुष्कर्म का प्रयास करने की बात भी सामने आई है। जब यह मामला छात्राओं के परिजनों को पता चला तो मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंचे।
उन्होंने शिक्षक से इस बारे में जवाब मांगा। इस दौरान गुस्साई महिलाओं और ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को पकड़ लिया और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। बाद में आक्रोशित लोगों ने उसे चौक में ले जाकर भी जमकर पीटा।
बताया जा रहा है कि, आरोपी शिक्षक ने स्कूल की कई छात्राओं के साथ गलत व्यवहार किया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पवनी पुलिस थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अनिल राऊत इससे पहले लाखांदुर तहसील के गवराला स्थित जिला परिषद स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था। वहां भी छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने के मामले में शिकायतें आई थीं।