मुख्यमंत्री योगी ने मातगैड, कंधरपुर और अभिरामदास वार्ड में घर-घर जाकर मिठाइयां, फलों की टोकरी और दीपावली के उपहार वितरित किए। बच्चों को टॉफी, चॉकलेट और फुलझड़ियां दी गईं। एक छोटे बच्चे को गोद में लेकर उन्होंने दुलार भी किया, जिससे परिवारजन भाव-विह्वल हो उठे। मुख्यमंत्री का यह स्नेहपूर्ण व्यवहार मोहल्लेवासियों के लिए अविस्मरणीय क्षण बन गया। मुख्यमंत्री ने निषाद बस्ती की स्वच्छता की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया है और यह देखकर प्रसन्नता होती है कि निषाद बस्ती के लोग इस संदेश को आत्मसात कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग दूसरों का मोहल्ला साफ करते हैं, उनका अपना मोहल्ला भी स्वच्छ होना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने बस्तीवासियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए बधाई दी।