Holi 2026 Celebration: शिवराज सिंह चौहान का देसी अंदाज, सीएम योगी और अखिलेश यादव ने भी जमकर खेली होली
Shivraj Singh Chouhan Holi celebration 2026: होली के पावन पर्व पर शिवराज सिंह चौहान, योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के होली सेलिब्रेशन की विशेष रिपोर्ट और नेताओं की शुभकामनाएं।
- Written By: अर्पित शुक्ला
शिवराज सिंह चौहान, सीएम योगी और अखिलेश यादव (Image- Social Media)
Holi Celebrations: देशभर में रंगों और उमंग का त्योहार होली आज पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आम जनता के साथ-साथ देश के दिग्गज राजनेता भी पूरी तरह से होली के रंग में सराबोर नजर आए। भोपाल में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास से लेकर सैफई में अखिलेश यादव के आंगन और गोरखपुर में सीएम योगी के दरबार तक, हर जगह रंगों की बौछार और खुशियों का माहौल रहा।
गाना गाकर थिरके पूर्व सीएम
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित आवास पर होली का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘मामा’ के नाम से लोकप्रिय शिवराज सिंह ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली। इस दौरान वे पूरी तरह से मस्ती के मूड में दिखे और फाग गीत गाते हुए लोगों के साथ थिरकते भी नजर आए। उनके साथ उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान भी मौजूद रहीं। दोनों ने एक-दूसरे को गुलाल का टीका लगाकर इस पर्व की बधाई दी। शिवराज सिंह ने प्रदेशवासियों को सुख-समृद्धि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का यह पर्व आपसी भाईचारे का प्रतीक है।
होली खेलें रघुवीरा, अवध में होली है… होली की शुभकामनाएं। pic.twitter.com/WcsqZlrxa9 — Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 4, 2026
सम्बंधित ख़बरें
योगी ने सुभाष चंद्र बोस के नारे को विवेकानंद का बताया! महुआ मोइत्रा बोलीं- बुलडोजर बुद्धि UP जाकर फैंटा पियो
महिला बिल गिरने पर बीजेपी का बड़ा एक्शन आज, लखनऊ में सीएम आवास से विधानसभा तक योगी करेंगे पैदल मार्च
300 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं को 40 हजार की पेंशन, अखिलेश यादव ने 2027 चुनाव के लिए खोल दिया वादों का पिटारा
‘नकली विरोध की कराई जा रही शूटिंग…’, महिला आरक्षण बिल पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज, बताया काली करतूत
‘होश के साथ खेलें होली’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर में समर्थकों के साथ होली मनाई। भगवान नृसिंह की शोभायात्रा के शुभारंभ के अवसर पर सीएम योगी गुलाल से सराबोर नजर आए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। सीएम योगी ने कहा, “होली में जोश के साथ होश भी होना चाहिए। जोश खोने के बाद अक्सर उपद्रव की खबरें आती हैं, जो पर्व की मर्यादा के खिलाफ है।” उन्होंने आरएसएस के पदाधिकारियों और स्थानीय जनता के साथ मिलकर रंगों के इस उत्सव का आनंद लिया।
महापर्व होली के पावन अवसर पर महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन धरा गोरखपुर में आयोजित भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा में… https://t.co/0jS8aed80n — Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 4, 2026
सैफई में ‘फूलों वाली होली’
समाजवादी पार्टी के गढ़ इटावा के सैफई में होली के मौके पर भव्यता देखने को मिली। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी व सांसद डिंपल यादव ने परिवार के साथ ‘फूलों वाली होली’ खेली। सैफई स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में चाचा शिवपाल यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य एक ही मंच पर नजर आए। फूलों की होली के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि यह रंगों का त्योहार हमारी साझा संस्कृति और प्रेम को और मजबूत करता है।
मन से बहुरंग रहें! pic.twitter.com/5Rrt2DrTvk — Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 4, 2026
भोपाल सीएम हाउस में फाग की गूंज
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आवास पर भी होली की खास रौनक रही। राजधानी भोपाल स्थित सीएम हाउस में मुख्यमंत्री ने आम जनता और विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ होली खेली। यहाँ पारंपरिक फाग गीतों ने माहौल को पूरी तरह से उत्सवमय बना दिया। डॉ. मोहन यादव ने खुद भी फाग गाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया और प्रदेश की जनता के लिए मंगल कामना की।
होली के रंग, अपनों के संग… आज महापर्व होली के पावन अवसर पर भोपाल निवास में पूज्य संतगणों, आमजन, पत्रकार बंधुओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ एक-दूसरे को तिलक व गुलाल लगाकर होली मनाई। आप सभी को होली की पुनः हार्दिक शुभकामनाएं!#HappyHoli2026 #Holi pic.twitter.com/5LutUWxzZj — Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 4, 2026
दिग्गज नेताओं ने सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं
होली के इस पावन अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने भी जनता को बधाई संदेश भेजे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “उल्लास, उमंग और नई ऊर्जा के पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में उन्नति, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।” केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुभकामना देते हुए कहा कि यह पर्व नकारात्मकता और द्वेष का दहन कर सभी के जीवन में सुख और शांति लाए।
यह भी पढ़ें- ‘…लेकिन भक्त प्रह्लाद या अर्जुन जैसा साहस चाहिए’, होली पर CM योगी ने गोरखपुर से किसे दिया संदेश?
देखा जाए तो यह होली राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनी। जहाँ एक ओर नेताओं ने परंपराओं का निर्वहन किया, वहीं दूसरी ओर जनता के साथ सीधे जुड़कर उत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच देशभर में लोग रंगों के इस महाकुंभ का आनंद ले रहे हैं।
