सनातन को मिटाने वाले खुद...CM योगी ने वाराणसी में भरी हुंकार, बोले- PM मोदी ने संवारा भारत का सांस्कृतिक गौरव

Somnath Sankalp Mahotsav: वाराणसी दौरे पर सीएम योगी ने सोमनाथ संकल्प महोत्सव में सनातन, सांस्कृतिक विरासत और मंदिर पुनर्स्थापना के मुद्दे को लेकर विपक्ष पर साधा जोरदार निशाना।
"Those who seek to eradicate Sanatan will themselves be wiped out..." — CM Yogi roars in Varanasi, declares: "PM Modi has restored India's cultural glory."
योगी आदित्यनाथ (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

CM Yogi Varanasi Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी दौरे पर हैं। वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन ने पटेल काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना किया। इसके बाद वाराणसी में ही आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत सोमनाथ संकल्प महोत्सव में सनातन, सांस्कृतिक विरासत और मंदिर पुनर्स्थापना के मुद्दे को लेकर विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहम्मद गौरी से लेकर मुगल शासकों तक कई विदेशी आक्रांताओं ने भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मिटाने का प्रयास किया लेकिन वे भारत की आत्मा और सनातन चेतना को कभी समाप्त नहीं कर सके।

सीएम ने कहा कि औरंगजेब ने बाबा विश्वनाथ के प्राचीन मंदिर को ध्वस्त कर गुलामी का ढांचा खड़ा किया था लेकिन वह भारत की आत्मा को नहीं तोड़ पाया। सनातन केवल मंदिरों की दीवारों तक सीमित नहीं है बल्कि यह भारत की चेतना और आत्मा में बसता है।

सनातन को मिटाने वाले खुद मिट्टी में मिले

कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा, जिन्होंने सनातन को मिटाने का प्रयास किया, आज वे खुद मिट्टी में मिल चुके हैं। आज उन आक्रांताओं का नाम लेने वाला कोई नहीं है लेकिन काशी विश्वनाथ धाम और सोमनाथ महादेव मंदिर भारत के स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव की गाथा को आगे बढ़ा रहे हैं।

एक भारत, श्रेष्ठ भारत का सपना साकार

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की संकल्पना साकार होती दिखाई दे रही है। सोमनाथ मंदिर के पुनर्प्रतिष्ठा और सुंदरीकरण से लेकर काशी विश्वनाथ धाम, उज्जैन में महाकाल महालोक और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण तक, देश के पवित्र तीर्थस्थल अपने प्राचीन वैभव के साथ विकास की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहे हैं। इन सभी कार्यों की प्रेरक शक्ति प्रधानमंत्री मोदी हैं और इसके लिए उत्तर प्रदेश की जनता उनकी आभारी है।

विपक्ष पर साध निशाना

कार्यक्रम में विपक्ष का नाम लिए बगैर सीएम योगी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, दुर्भाग्य से आज भी कुछ शक्तियां भारत के आत्मगौरव और सांस्कृतिक प्रतीकों को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहतीं। ये वही लोग थे जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की पुनर्प्रतिष्ठा और श्रीराम मंदिर निर्माण में लगातार बाधाएं खड़ी करने का प्रयास किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आनंदीबेन पटेल ने काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। त्रयंबकेश्वर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतिथियों का स्वागत किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com