'अयोध्या सीट पर पहला हक...', बृज भूषण शरण सिंह ने भरी तगड़ी हुंकार, UGC नियम और CM योगी को लेकर दिया बड़ा बयान

Uttar Pradesh Politics: उत्तर प्रदेश के कद्दावर बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह का एक नया बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने अयोध्या लोकसभा सीट और सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर बड़ी बात कही है।
brij bhushan sharan singh claims first right on ayodhya seat big statement on yogi
बृजभूषण शरण सिंह (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Brij bhushan Sharan Singh: कैसरगंज के पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा है कि अयोध्या लोकसभा सीट पर विनय कटियार का पहला हक है और उन्हें वहीं से चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने यह बयान एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान दिया। पूर्व सांसद ने कहा कि 2023-24 में उनके खिलाफ साज़िश रची गई थी, इसीलिए उन्होंने कहा था कि वह लोकसभा जाएंगे।

बीजेपी नेता बृज भूषण शरण सिंह ने सोमवार को संकेत दिया था कि वह 2029 का लोकसभा चुनाव अयोध्या सीट से लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आखिरी फैसला सही समय पर लिया जाएगा, लेकिन वह किसी भी तरह से लोकसभा ज़रूर जाएंगे।

लोकसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान

उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। इस बारे में एक मीडिया चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं आज फिर कह रहा हूं कि मैं 2029 में लोकसभा चुनाव लड़ूंगा। पार्टी तय करेगी कि मैं किस सीट से चुनाव लड़ूंगा। मुझे लोकसभा जाना है, चाहे मैं किसी भी तरह से जाऊं।

ठाकुर-ब्राह्मण बैठक पर दिया बड़ा बयान

पूर्व सांसद ने एक बार फिर अलग-अलग वर्गों के विधायकों और सांसदों की बैठक का समर्थन किया और कहा कि उन्हें इसमें कुछ भी गलत नहीं दिखता। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी के साथ उनके पुराने संबंध हैं। 1991 में दोनों ने एक साथ चुनाव जीता था और लोकसभा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी को फायदा होगा। बृज भूषण शरण ने राष्ट्रकथा कार्यक्रम का भी ज़िक्र किया, जिसे सभी को एक साथ लाने के मकसद से आयोजित किया गया था और जिसमें सभी का सहयोग मांगा गया था।

यूजीसी के नियमों पर कही बड़ी बात

उन्होंने यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के नियमों पर भी टिप्पणी की और कहा कि जब तक पूरी जानकारी नहीं मिल जाती, तब तक इस पर टिप्पणी करना सही नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ अपने संबंधों को भी अच्छा बताया।

इससे पहले बृज भूषण शरण सिंह ने मीडिया से यह भी कहा था कि वह 2029 का चुनाव ज़रूर लड़ेंगे। दुनिया की कोई भी ताकत उन्हें चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा था कि मेरा बेटा बीजेपी से विधायक है, दूसरा बेटा सांसद है और मेरा भतीजा ब्लॉक प्रमुख है। मेरी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। हमारी विचारधारा भाजपाई है।