नंद किशोर गुर्जर (सोर्स-सोशल मीडिया)
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में सत्तासीन योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री के बाद अब विधायक ने भी हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। इससे पहले योगी सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने भी ऐसी ही आशंका जताई थी। अब गाजियाबाद के लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने भी अपनी हत्या की साजिश की बात कही और हथियारों के बारे में भी बताया।
लोनी से बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने एक बार फिर अपनी सरकार और पुलिस-प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यूपी में गाय और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। रोजाना हजारों गायों का कत्ल हो रहा है। बेटियों से छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं।
बीजेपी विधायक ने कहा कि लोगों में गाय काटने की हिम्मत नहीं थी, आज हमें दुख है कि हमारी सरकार में प्रतिदिन 50 हजार गायें काटी जा रही हैं। सारी गायें खत्म हो चुकी हैं। इसका मतलब है कि ये अधिकारी पैसे खा रहे हैं। हर तरफ लूट है, चारों तरफ लूट है। सारी बातें मुख्यमंत्री तक पहुंचनी चाहिए।
बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने आगे कहा कि इन सबके मुखिया मुख्य सचिव हैं। कमिश्नर साहब बार-बार कहते हैं कि मुख्य सचिव बैठे हैं, ऐसे 300 विधायक घूमते रहते हैं। वे हमें मरवा सकते हैं, उनके पास इतनी ताकत है। हम जो आज कह रहे हैं, उसके लिए वे हमें मरवा सकते हैं। इसके लिए उन्होंने तैयारी भी कर ली है। उन्होंने कहा कि 25 9 एमएम की पिस्टल खरीदी गई हैं।
उत्तर प्रदेश की अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उन्होंने कहा कि कमिश्नर और चीफ सेक्रेटरी से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। हम न तो उनसे मिले हैं और न ही उनसे ज्यादा बात करते हैं। हम जनता के लिए लड़ रहे हैं। बता दें कि बीजेपी विधायक प्रेस वार्ता के दौरान गोहत्याओं के अलावा किसी अन्य गाजिबाद पुलिस कमिश्नर की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर कर रहे थे।
इससे पहले आशीष पटेल ने अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर स्पेशल टास्क फोर्स पर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि मेरा नाम आशीष पटेल है। आप लोगों के पैर में गोली मारते हैं, अगर आपके पास ताकत है तो मैं चुनौती देता हूं कि आप मेरे सीने में गोली मार दें। हालांकि, मंत्री ने एसटीएफ पर अपने हमले का संदर्भ नहीं बताया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी ने आशीष पटेल को अनावश्यक बयानबाजी से बचने को कहा है।