‘उनका बड़प्पन है कि मुर्गी चोर से मिलने आ रहे हैं’, अखिलेश के आने से ठीक पहले आजम खां का तंज
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को सीनियर सपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से मुलाकात करने रामपुर जाएंगे। इस बीच आजम खां ने तंज कसा है।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
अखिलेश यादव और आजम खां, फोटो- सोशल मीडिया
Akhilesh Yadav Rampur Visit: कल यानी बुधवार को अखिलेश लखनऊ से चार्टर्ड विमान से बरेली पहुंचेंगे और वहां से सड़क के रास्ते रामपुर जाएंगे। उनके आगमन को लेकर बरेली और रामपुर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
अखिलेश यादव के कार्यक्रम को लेकर दोनों जिलों के सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। मंगलवार को दिनभर प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। तीन मजिस्ट्रेट और एक सीओ स्तर के अधिकारी को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सपा अध्यक्ष बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे रामपुर पहुंचेंगे और आजम खां से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात लगभग एक घंटे तक चलने की संभावना है।
होगी गिले-शिकवे दूर करने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, यह मुलाकात पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को दूर करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है। जेल से रिहाई के बाद आजम खां के अन्य ठिकाने तलाशने की खबरें चर्चा में थीं। ऐसे में अखिलेश का उनसे मिलने जाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ खड़ी है। सपा सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात से आजम खां के मन में जो नाराजगी थी, वह भी दूर होने की उम्मीद है।
सम्बंधित ख़बरें
ट्रक क्या पलटा, इमान पलट गए! कौशंबी में मदद की जगह बकरियां लेकर भागे लोग, देखें VIDEO
यूपी में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन, अलीगढ़ और मथुरा में दो बड़ी मुठभेड़, दो बदमाश ढेर और तीन घायल
UPSC की तैयारी कर रही छात्रा से लखनऊ में गैंगरेप! चारबाग स्टेशन पर परिचित ने जाल में फंसाया, फिर बनाया शिकार
प्रतीक यादव की तेरहवीं आज, अपर्णा ने सुधारी पुरानी गलती, सैफई परंपरा को लेकर चर्चाएं तेज
आजम खां का तंज- ‘मुर्गी चोर से मिलने आ रहे हैं अखिलेश’
अखिलेश यादव की प्रस्तावित मुलाकात पर आजम खां ने व्यंग्य करते हुए कहा, “सुना है अखिलेश यादव मुझसे मिलने आ रहे हैं, यह उनका बड़प्पन है कि वह एक मुर्गी चोर से मिलने आ रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि उन पर 104 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एक में 21 साल की सजा और 34 लाख रुपये जुर्माना लगा है। आजम ने तंज कसते हुए कहा कि “अगर कोई मेरा घर खरीद ले तो मैं जुर्माना भर दूं।”
यह भी पढ़ें: सत्ता के गलियारे तक पहुंचा पवन सिंह और उनकी पत्नी का विवाद, सीएम योगी से मिलने ससुर पहुंचे लखनऊ
बरेली लाठीचार्ज मामले की भी लेंगे जानकारी
मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव बरेली में हाल ही में हुई पुलिस लाठीचार्ज की घटना पर भी स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से जानकारी लेंगे। माना जा रहा है कि अखिलेश इस घटनाक्रम पर पार्टी का रुख तय कर सकते हैं। रामपुर दौरा न सिर्फ संगठनात्मक दृष्टि से बल्कि सियासी तौर पर भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह यात्रा सपा के भीतर पुराने नेताओं को एकजुट करने की कवायद का हिस्सा है। दिवाली से पहले यह मुलाकात सपा में “सुलह और सम्मान” का संदेश देती दिख रही है।
