गाजीपुर पहुंचने पर अखिलेश यादव का हुआ स्वागत (सौ. सोशल मीडिया)
Akhilesh Yadav Targeted The BJP: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरूवार को गाजीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव, केंद्र सरकार की नीतियों और उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर बीजेपी को घेरा। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला।
अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘नीतीश कुमार भाजपा के चुनावी दूल्हे हैं, पद के लिए वो दूल्हा नहीं हैं। नीतीश चुनावी मुख्यमंत्री हैं। लेकिन मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए वे ‘दूल्हा’ नहीं हैं।’ आगे अखिलेश यादव ने जोर देते हुए कहा कि, बिहार अब बदलाव मांग रहा है और बेहतर खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर जाना चाहता है।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा एक षड्यंत्र के तहत नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने का दावा कर रही थी, जबकि अब वो अब केवल चेहरे के लिए मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि विपक्ष के लोग मंचों से कह रहे हैं कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी, बल्कि सिर्फ चुनाव के लिए उनको रख रही है।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी ही मुख्यमंत्री बनेंगे। समाजवादी पार्टी उनके साथ है। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने में जो भी सहयोग बन पड़ेगा, सपा उनकी मदद के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने तेजस्वी और तेज प्रताप यादव के बीच सियासी झगड़े को बीजेपी की ‘झगड़ा लगाने की आदत’ बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी अखिलेश ने गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा, ‘हमारे मुख्यमंत्री नाम बदल देते हैं। जहां जा रहे हैं, उसका नाम बदल देते, उसका नाम बदल देते तो शेर सिंह रख देते। योगी होकर क्या भाषा है।’ अखिलेश ने दावा किया कि निवेश के मामले में उत्तर प्रदेश पिछड़ रहा है। आंध्र प्रदेश गूगल मेटा का सबसे बड़ा सेंटर बनने जा रहा है, और सबसे ज्यादा निवेश आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, और तमिलनाडु में आ रहा है।
ये भी पढ़ें: ‘RJD-कांग्रेस का घोषणा पत्र नहीं…रेटलिस्ट है’, छपरा रैली में PM का राहुल-तेजस्वी पर हमला
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर अखिलेश ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी मतदाता सूची से छेड़छाड़ करना चाहती है। उन्होंने कहा, चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष तरीके से मतदाता सूची बनाए लेकिन क्या ऐसा हो रहा है? बीजेपी पूरी प्रक्रिया में हेराफेरी की साजिश रच रही है।