पासपोर्ट चोरी, भट्टे पर मजदूरी और वायरल वीडियो: क्या आगरा की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है सोशल मीडिया कंटेंट?
Agra Viral Video: आगरा में ईंट-भट्टे पर मजदूरी करते एक विदेशी युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि उसका पासपोर्ट और सामान चोरी हो गया था।
- Reported By: प्रदीप कुमार रावत | Edited By: स्निग्धा श्रीवास्तव
ईंट-भट्टे पर मजदूरी करता विदेशी युवक वायरल (फोटो सोशल मीडिया)
Agra Viral Video Of Australian Tourist: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक विदेशी युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक, जिसे लोग ‘एंडरसन’ नाम से पहचान रहे हैं, आगरा के एक ईंट-भट्टे पर मजदूरी करता दिखाई दे रहा है। सिर पर तौलिया बांधे और स्थानीय मजदूरों की तरह ईंटें ढोते हुए उसका वीडियो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि वह ऑस्ट्रेलिया से भारत घूमने आया था, लेकिन आगरा में उसका पासपोर्ट, पैसे और अन्य सामान चोरी हो गया। इसके बाद घर लौटने के लिए पैसे जुटाने की मजबूरी में उसे ईंट-भट्टे पर मजदूरी करनी पड़ रही है।
सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग युवक की कथित परेशानी पर सहानुभूति जता रहे हैं, तो कुछ मजाकिया अंदाज में आगरा के चोरों को कोसते नजर आ रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि यदि सच में किसी विदेशी पर्यटक के साथ ऐसा हुआ है तो उसका सामान तुरंत वापस मिलना चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने इसे भारत के देसी माहौल में विदेशी युवक के घुलने-मिलने की दिलचस्प कहानी बताया।
सम्बंधित ख़बरें
Liquor Smuggling: आगरा पुलिस का बड़ा एक्शन, 30 लाख की अवैध शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
‘तेज बन गए तो जेल गए, नहीं बनते तो नाम निकल जाता’, वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर के कथित बयान से मचा बवाल
Fire NOC: लखनऊ अग्निकांड के बाद भी नहीं जागा सिस्टम, आगरा जिला अस्पताल में अधूरी पड़ी फायर सेफ्टी व्यवस्था
Fire Breaks Out: आगरा की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, धुएं और लपटों से मचा हड़कंप, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
हालांकि जैसे-जैसे वीडियो वायरल हुआ, इसकी सच्चाई को लेकर भी सवाल उठने लगे। बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि यह पूरी तरह से एक स्क्रिप्टेड रील या मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया कंटेंट हो सकता है। लोगों का तर्क है कि यदि किसी विदेशी नागरिक का पासपोर्ट और सामान चोरी हो जाए तो वह स्थानीय पुलिस, पर्यटन पुलिस, विदेशी दूतावास या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करेगा। ऐसे में सीधे ईंट-भट्टे पर मजदूरी करने की कहानी कई लोगों को अविश्वसनीय लग रही है।
आगरा के पर्यटन व्यवसायियों ने जताई चिंता
इस पूरे मामले को लेकर आगरा के पर्यटन व्यवसायियों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से विदेशी पर्यटकों से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें कुछ रशियन पर्यटकों से संबंधित वीडियो भी चर्चा में रहे। अब ऑस्ट्रेलियाई युवक बताए जा रहे व्यक्ति का यह वीडियो भी सुर्खियों में है। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि ऐसे वीडियो, चाहे वास्तविक हों या फिर स्क्रिप्टेड, आगरा के पर्यटन उद्योग पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं।
यह भी पढ़ें- 300 साल पुरानी सोने-चांदी की ताजिया बनेगी आकर्षण का केंद्र, मोहर्रम पर गोरखपुर में होंगे दीदार
आगरा और भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि प्रभावित
होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश वाधवा ने इस संबंध में कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि आगरा विश्व पर्यटन मानचित्र पर भारत की पहचान है। हर साल लाखों विदेशी पर्यटक ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक धरोहरों को देखने यहां आते हैं।
ऐसे में यदि सोशल मीडिया पर यह संदेश प्रसारित होता है कि विदेशी पर्यटक आगरा में असुरक्षित हैं या चोरी की घटनाओं के कारण दयनीय स्थिति में पहुंच जाते हैं, तो इससे शहर की साख पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उनका मानना है कि इससे केवल आगरा ही नहीं बल्कि पूरे भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि भी प्रभावित होती है।
पुलिस जांच का विषय
व्यवसायियों ने यह भी कहा कि यदि वायरल वीडियो में किया गया दावा गलत या भ्रामक साबित होता है तो आगरा पुलिस को मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उनका कहना है कि कुछ लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स हासिल करने के लिए किसी शहर, पर्यटन उद्योग या देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। सख्त कार्रवाई होने पर भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए इस तरह की भ्रामक सामग्री प्रसारित करने से पहले कई बार सोचेगा।
फिलहाल वायरल वीडियो की कहानी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह वास्तविक घटना है या फिर केवल सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए बनाया गया कंटेंट, यह जांच का विषय है। लेकिन इतना जरूर है कि इस वीडियो ने एक महत्वपूर्ण बहस छेड़ दी है कि सोशल मीडिया के दौर में वायरल होने की होड़ कहीं शहरों, पर्यटन स्थलों और देश की प्रतिष्ठा पर भारी तो नहीं पड़ रही। आगरा जैसे वैश्विक पर्यटन केंद्र के लिए यह सवाल और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।
