पर्यटन सीजन से पहले सुधरेगी आगरा की ट्रैफिक व्यवस्था, 50 से अधिक चालान वाले चालकों के लाइसेंस होंगे निरस्त

Agra Traffic System: मेट्रो रेल परियोजना से लेकर मुख्यमंत्री ग्रिड योजना तक के तहत कई स्थानों पर निर्माण और सड़क विकास के कार्य चल रहे हैं। इसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो रहा है।
Agra Traffic System
आगरा ट्रैफिक व्यवस्था(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • एक जनवरी से 31 जुलाई 2026 तक 674 वाहनों के 50 से अधिक चालान दर्ज

  • 15,366 ऐसे वाहन जिनके 50 से कम हुए चालान

  • बार-बार चालान के बावजूद नियमों का उल्लंघन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा

Traffic System To Be Improved: कल-कल बहती कालिंदी और उसके किनारे बसा ऐतिहासिक शहर आगरा दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान रखता है। ताजमहल का दीदार करने के लिए हर दिन हजारों की संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

सर्दियों का पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। लेकिन दूसरी ओर शहर की सड़कों पर चल रहे विकास कार्य, धूल और जाम की समस्या आगरा की खूबसूरती और यातायात व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी है। ऐसे में पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आगरा ट्रैफिक पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

वीआईपी मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी जारी

शहर में इन दिनों मेट्रो रेल परियोजना से लेकर मुख्यमंत्री ग्रिड योजना तक के तहत कई स्थानों पर निर्माण और सड़क विकास के कार्य चल रहे हैं। इसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर निर्माण सामग्री, धूल और जगह-जगह बदले यातायात मार्गों के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

आगरा एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वीआईपी मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी जारी है। इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को फिलहाल मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह के मुताबिक, रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करीब तीन महीने में पूरा होने की उम्मीद है। विकास कार्यों के बीच यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Agra Traffic System
प्रयागराज में चौड़ी सड़कें और फ्लाईओवर भी बेअसर, अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग से बिगाड़ी यातायात व्यवस्था

50 से अधिक चालान वाले वाहन चालकों पर कसेगा शिकंजा

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। बार-बार यातायात नियम तोड़ने और चालान होने के बावजूद अपनी आदत नहीं बदलने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहनों की अलग सूची तैयार की है और चिन्हित मामलों को कार्रवाई के लिए आरटीओ विभाग भेजा जा रहा है।

ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, एक जनवरी से 31 जुलाई 2026 तक 15,366 ऐसे वाहन सामने आए, जिनके 50 से कम चालान हुए हैं। वहीं, 674 वाहनों के 50 से अधिक चालान दर्ज किए गए हैं। इन वाहन चालकों के खिलाफ अब लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस का मानना है कि बार-बार चालान होने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

हादसों में मौत के मामलों में भी होगी कार्रवाई

सिर्फ चालान तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। सड़क हादसों में लोगों की मौत के मामलों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे 22 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान गई। इन मामलों में संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने के लिए आरटीओ विभाग को प्रकरण भेजे जा रहे हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। विकास कार्यों के कारण प्रभावित मार्गों पर यातायात का संचालन सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अब चुनौती सिर्फ शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम खुलवाने की नहीं, बल्कि पर्यटन सीजन में आगरा आने वाले सैलानियों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराने की भी है। ताजमहल की खूबसूरती देखने आने वाले पर्यटक अपने साथ आगरा की कैसी तस्वीर लेकर लौटेंगे, यह काफी हद तक शहर की सड़कों और यातायात व्यवस्था पर निर्भर करेगा।

ADC Police (Traffic) Alka Singh
एडीसी पुलिस (ट्रैफ़िक) अलका सिंह(सोर्स: नवभारत लाइव)
Agra Traffic System
मथुरा में तेल टैंकर पलटा, चालक ने कूदकर बचाई जान; तेल लेने उमड़ी भीड़, पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था