मथुरा पुलिस का बड़ा एक्शन! यातायात माह से पहले सड़कों पर उतरी, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों के काटे चालान

Mathura Traffic Police Checking: मथुरा शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
Mathura traffic police
पुलिस ने बिना हेलमेट वालों के चालान काटे(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मथुरा में ट्रैफिक पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान शुरू

  • बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों पर कार्रवाई

  • धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड से चलेगा एक महीने का अभियान

Mathura Traffic Challan Drive: मथुरा शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यातायात माह को लेकर पुलिस विभाग विशेष कार्ययोजना तैयार करने में जुटा है।

इसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यातायात माह के दौरान जागरूकता और सख्ती दोनों के जरिए सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जिम्मेदार बनाने पर जोर रहेगा।

यातायात माह से पहले सड़कों पर उतरी ट्रैफिक पुलिस

यातायात माह की तैयारियों के बीच ट्रैफिक पुलिस ने अभी से सड़कों पर सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शहर के व्यस्त भूतेश्वर चौराहे के समीप यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई।

बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले और बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन चलाने वाले चालकों के चालान काटे गए। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हलचल देखने को मिली।

हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर वाहन चालकों को दी हिदायत

चेकिंग अभियान के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत देने के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई। पुलिसकर्मियों ने समझाया कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई और चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

Mathura traffic police
पब्लिसिटी स्टंट या कुछ और? कानपुर में बिना हेलमेट पहने बुलेट चलाते दिखे विधायक तो ट्रैफिक पुलिस ने काटा चालान

पर्यटकों की आवाजाही से बढ़ता है यातायात का दबाव

दरअसल, मथुरा-वृंदावन में पर्यटकों की लगातार आवाजाही के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहता है। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और चौराहों पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करना भी यातायात संबंधी समस्याओं को बढ़ाता है। ऐसे में यातायात माह के दौरान इन समस्याओं पर विशेष ध्यान दिए जाने की तैयारी है।

धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड से होगा अभियान का शुभारंभ

ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (TSI) शौर्य कुमार ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महीने तक विशेष यातायात अभियान चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड से किया जाएगा। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गति सीमा और यातायात संकेतों के पालन पर भी रहेगा जोर

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, यातायात संकेतों और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी, ताकि जाम की समस्या को नियंत्रित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिल सके।

चालान के साथ जनजागरूकता पर भी रहेगा विशेष फोकस

यातायात पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य यातायात माह को केवल चालान काटने तक सीमित रखने के बजाय इसे जनजागरूकता अभियान के रूप में संचालित करना है। इसके लिए वाहन चालकों, युवाओं और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराने पर जोर दिया जाएगा। अब देखना होगा कि इस अभियान के माध्यम से मथुरा की यातायात व्यवस्था में कितना सुधार आता है और वाहन चालक नियमों के पालन को अपनी आदत में कितना शामिल करते हैं।

Mathura traffic police
चालान से काम नहीं चलेगा, अब दर्ज होगी FIR! दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, 2000 से ज्यादा केस दर्ज