बड़ी राहत मिली है साहब; तीन साल बाद हुई जमीन की पैमाइश तो डीएम को जंगली ककोड़े देने पहुंचा किसान
Agra DM Manish Bansal: आगरा में तीन साल से जमीन की पैमाइश के लिए परेशान किसान की समस्या डीएम मनीष बंसल के हस्तक्षेप से हल हुई। खुशी में किसान जंगली ककोड़े लेकर डीएम का आभार जताने पहुंचा।
- Reported By: प्रदीप कुमार रावत | Edited By: स्निग्धा श्रीवास्तव
आगरा डीएम मनीष बंसल (सोर्स- फोटो नवभारत)
Agra Sampoorna Samadhan Diwas: सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाते-लगाते जब कोई फरियादी थक जाता है तो उसके लिए किसी अधिकारी द्वारा समस्या का समाधान कर देना महज एक आदेश नहीं, बल्कि बड़ी राहत होती है। आगरा में ऐसा ही एक दिल छू लेने वाला मामला सामने आया, जब तीन साल से अपनी जमीन की पैमाइश के लिए परेशान किसान समस्या का समाधान होने के बाद जिलाधिकारी के पास पहुंचा और अपने साथ लाए जंगली ककोड़े देकर उनका आभार जताने की इच्छा व्यक्त की।
राजस्व निरीक्षक और लेखपाल पर पैमाइश टालने का आरोप
तहसील बाह के बसई अरेला निवासी किसान रामप्रकाश पुत्र रोशनलाल की भूमि की पैमाइश करीब तीन वर्षों से लंबित थी। किसान का आरोप था कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल लगातार पैमाइश को टाल रहे थे। शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने पर किसान ने 6 जुलाई को तहसील बाह के संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मनीष बंसल के सामने अपनी समस्या रखी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व निरीक्षक से तत्काल जवाब तलब किया और पैमाइश लंबित रखने पर नाराजगी जताई। इसके बाद किसान की भूमि की पैमाइश का कार्य पूरा कराया गया।
सम्बंधित ख़बरें
आगरा में ACE 2026: विशेषज्ञों ने बांझपन के बदलते कारणों और आधुनिक फर्टिलिटी तकनीकों पर किया मंथन, बताए फायदे
तंत्र-मंत्र से युवती को ठीक करने का दावा; दुष्कर्म कर बनाई अश्लील वीडियो, तांत्रिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
70 साल तक बेबस रही शहीद की धरती, फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिटा दिया तीन पीढ़ियों का दर्द
फर्टिलिटी का भविष्य फ्रीजर में; आगरा में विशेषज्ञों ने बताया एग, स्पर्म और एम्ब्रियो प्रिजर्वेशन का महत्व
पैमाइश होने के बाद मिली राहत- खुश हुआ किसान
पैमाइश होने के बाद मिली राहत से खुश किसान रामप्रकाश शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी से मिलने पहुंचा। किसान ने कहा कि उसकी तीन साल पुरानी समस्या का समाधान हुआ है और उसे बड़ी राहत मिली है।
इसी दौरान किसान ने अपने साथ लाए थैले से जंगली ककोड़े निकाले और जिलाधिकारी को देने की इच्छा जताई। किसान का यह सहज अंदाज देखकर जिलाधिकारी भी मुस्कुरा उठे। तीन साल तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने वाले किसान के चेहरे पर समस्या के समाधान की खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
यह भी पढ़ें- आगरा में ACE 2026: विशेषज्ञों ने बांझपन के बदलते कारणों और आधुनिक फर्टिलिटी तकनीकों पर किया मंथन, बताए फायदे
यह पूरा घटनाक्रम इस बात की तस्वीर भी पेश करता है कि जनता दर्शन और समाधान दिवस जैसे मंच फरियादियों के लिए कितने महत्वपूर्ण हो सकते हैं, बशर्ते शिकायतों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई हो।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तहसील समाधान दिवस और प्रतिदिन होने वाली जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि पैमाइश, चकरोड पर अतिक्रमण और सार्वजनिक भूमि से जुड़े मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने स्पष्ट किया है कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
