अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिखा उत्साह, "योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम पर हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

Agra Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम सहित जिले में कार्यक्रम आयोजित हुए। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, बेबी रानी मौर्य और हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
Agra Celebrates International Yoga Day with Mass Yoga Sessions Across the City
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल समेत हजारों लोग सामूहिक योगाभ्यास करते हुए (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

International Yoga Day 2026: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह आगरा जनपद योगमय नजर आया। "योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और हजारों नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया। मुख्य जनपदीय कार्यक्रम एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुआ।

मंत्री सहित कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास डॉ. हरिओम, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक केपी सिंह ने सभी प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया।

योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया था। आज योग पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और आध्यात्मिक संतुलन का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, वाणी, कर्म और आत्मा को संतुलित करने की एक जीवन शैली है।

योग व्यक्ति को बीमारियों से दूर रखता है और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। योग व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है तथा सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवन का नियमित हिस्सा बनाया जाना चाहिए, तभी इसके वास्तविक लाभ प्राप्त हो सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एकलव्य स्टेडियम के अलावा जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, ब्लॉक मुख्यालयों, तहसीलों, पार्कों, पुलिस लाइन, ऐतिहासिक स्थलों, लालकिला और ताजमहल सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भी बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशिक्षित योग शिक्षकों के निर्देशन में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश

वहीं पालीवाल पार्क में नगर निगम और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एडीए वीसी एम. अरुणमोली, नगर आयुक्त संतोष वैश्य तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान योग जागरूकता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों को सम्मानित भी किया गया। क्रीड़ा भारती, पतंजलि योगपीठ, अखिल विश्व गायत्री परिवार, भारतीय योग संस्थान, ब्रह्माकुमारी संस्थान, हार्टफुलनेस तथा आर्ट ऑफ लिविंग सहित कई सामाजिक संगठनों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरफराज आलम, पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। योग दिवस के भव्य आयोजन ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com