आगरा में नहरों की सफाई में खेल का आरोप, किसान नेता के तेवर देख दौड़े अधिकारी; मौके पर खुली पोल!

Agra Canals Cleaning Foul Play: पार्क माइनर की सफाई में खामियां मिलने पर किसान नेता ने काम रुकवा दिया। अधिशासी अभियंता नीरज कुमार, सहायक अभियंता पंकज अग्रवाल, जेई यशपाल और ठेकेदार मौके पर पहुंच गए।
Agra Canals Cleaning Foul Play
आगरा नहरों की सफाई में गड़बड़ी(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पार्क माइनर की सफाई में खामियां मिलने पर किसान नेता ने रुकवाया काम

  • अधिकारियों ने सफाई में कमी स्वीकारी, दोबारा काम कराने की कही बात

  • किसान नेता की तत्काल संज्ञान लेकर जांच टीम गठित करने की मांग

Farmer Leader Allegation: आगरा में किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके, इसके लिए नहरों, माइनरों और रजवाहों की सफाई पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन धरातल पर सफाई की हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। कहीं सिल्ट सफाई के नाम पर खानापूर्ति तो कहीं जलकुंभी तक नहीं निकाली गई। कई स्थानों पर काम मानकों के अनुरूप नहीं होने के आरोप सामने आने के बाद अब किसान नेताओं ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

शनिवार को किसान नेता मुकेश पाठक ने रारी माइनर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कई पुलिया अवैध रूप से बनाए जाने और नहर की सफाई ठीक ढंग से नहीं होने की बात सामने आई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सफाई के नाम पर ठेके दिए गए हैं तो किसानों को इस बार फसलों की सिंचाई के लिए पानी कैसे मिलेगा? किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की निगरानी के अभाव में ठेकेदार मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ सकता है।

पार्क माइनर पर काम रुकवाया, मौके पर पहुंचे अधिकारी

पार्क माइनर की सफाई में खामियां मिलने पर किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने काम रुकवा दिया। इसकी सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग में हलचल मच गई। अधिशासी अभियंता नीरज कुमार, सहायक अभियंता पंकज अग्रवाल, जेई यशपाल और ठेकेदार मौके पर पहुंच गए। किसान नेता ने अधिकारियों को मौके पर ही घेरते हुए सवाल किया कि क्या इसी तरह नहरों की सफाई होती है? माइनर और टर्मिनल में एक फुट से अधिक पानी नहीं है तो सिल्ट और गंदगी की सफाई कहां हुई? क्या ठेका केवल जलकुंभी निकालने के लिए दिया गया है?

बताया गया कि अधिकारियों की ओर से सफाई में कमी स्वीकार करते हुए दोबारा काम कराने की बात कही गई। लेकिन श्याम सिंह चाहर ने स्पष्ट कर दिया कि पहले पीछे छूटे हिस्से का काम मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए, उसके बाद ही आगे काम करने दिया जाएगा। उन्होंने ठेकेदार को पार्क माइनर की शुरुआत से दोबारा सफाई कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

Agra Canals Cleaning Foul Play
आगरा नहरों की सफाई में गड़बड़ी(सोर्स: नवभारत लाइव)

सदरवन से फतेहपुर सीकरी रोड तक जलकुंभी तक नहीं निकली

आगरा टर्मिनल की सफाई को लेकर भी सवाल उठे हैं। सदरवन के प्रधान बंटी शर्मा ने काम रुकवा दिया। शनिवार को अधिशासी अभियंता नीरज कुमार और सहायक अभियंता पंकज अग्रवाल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सदरवन से फतेहपुर सीकरी रोड तक नहर से जलकुंभी तक नहीं निकाली गई। इसके बाद किसान नेता श्याम सिंह चाहर को फोन कर मौके की स्थिति बताई गई।

Agra Canals Cleaning Foul Play
Agra: सिंचाई विभाग के नोटिस से मचा हड़कंप; 200 से ज्यादा परिवारों पर बेदखली का खतरा, महिलाओं ने किया प्रदर्शन

करोड़ों के घोटाले की जांच की मांग, आयुक्त से मांगी जेसी जांच

किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने साफ कहा कि नहरों की सफाई में हुई अनियमितताओं की जांच कराकर रहेंगे। उन्होंने आगरा मंडल के आयुक्त से मांग की कि नहरों की सफाई की जांच के लिए संयुक्त विभागीय जांच समिति (जेईसी) गठित की जाए। इसमें एक अपर आयुक्त, एक एडीएम और किसान नेता को शामिल किया जाए, ताकि जांच केवल कागजों तक सीमित न रहे और वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

किसान नेता सोमवीर यादव ने आरोप लगाया कि जहां काम मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है, वहां विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है। ताज सिटी आलू उत्पादक किसान नेता लक्ष्मी नारायण बघेल ने कहा कि कार्यालयों में बैठकर काम की निगरानी करने वाले अधिकारियों को मौके पर आकर सफाई की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए।

मानकों के अनुरूप काम पूरा होने तक जारी रहेगा विरोध

वहीं प्रगतिशील किसान नेता लाखन सिंह त्यागी ने जिलाधिकारी मनीष बंसल से तत्काल संज्ञान लेकर जांच टीम गठित करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि नहरों की सफाई मानकों के अनुसार नहीं हुई तो किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलेगा और फसल बर्बाद होने की स्थिति में जिम्मेदारी कौन लेगा?

उधर, अधिशासी अभियंता नीरज कुमार ने किसान नेता को बताया कि ओखला बैराज से नहरों में पानी छोड़ दिया गया है। ऐसे में सवाल और गंभीर हो गया है कि जब पानी नहरों तक पहुंच रहा है तो क्या अधूरी सफाई और गंदगी के बीच खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंच पाएगा?

फिलहाल किसान नेताओं ने साफ कर दिया है कि नहरों की सफाई में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और मानकों के अनुरूप काम पूरा होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। मौके पर संतोष कुमार, राजकुमार, नरेंद्र सिंह, लाखन सिंह, विश्वंभर सिंह, विनोद शुक्ला, श्याम सिंह चाहर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

Agra Canals Cleaning Foul Play
सिंचाई के नाले में मिला अधेड़ का शव; शराब ठेके पर विवाद के बाद मौत से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस