'Raah-Veer' scheme (Source. Design)
Road Accident Help Scheme: सड़क हादसा देखते ही अक्सर लोग डर के कारण पीछे हट जाते हैं कानूनी झंझट और पुलिस पूछताछ का भय सबसे बड़ी वजह बनता है। अब दिल्ली सरकार इस हिचक को खत्म करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि राजधानी में केंद्र की ‘राह-वीर’ योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत जो भी व्यक्ति किसी गंभीर रूप से घायल सड़क दुर्घटना पीड़ित को “गोल्डन ऑवर” के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाएगा, उसे ₹25,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। “गोल्डन ऑवर” वह पहला एक घंटा होता है, जब समय पर इलाज मिल जाए तो जिंदगी बचाई जा सकती है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योजना पर बोलते हुए कहा, “बहुत से लोग कानूनी पचड़ों या पुलिस कार्रवाई के डर से मदद करने में हिचकिचाते हैं। यह स्कीम ऐसी आशंकाओं को दूर करेगी और नागरिकों को आगे आने के लिए प्रोत्साहित करेगी।” सरकार का उद्देश्य साफ है हादसे के बाद पीड़ित को तुरंत इलाज मिले और लोग डर की वजह से पीछे न हटें। यह पहल नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।
यह योजना मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत बने ‘Good Samaritan’ नियमों के अनुरूप तैयार की गई है। इन नियमों के तहत सड़क हादसे में मदद करने वाले व्यक्ति को कानूनी और पुलिस परेशानियों से सुरक्षा मिलती है। सरकार ने आर्थिक प्रोत्साहन और कानूनी सुरक्षा को साथ जोड़कर लोगों का भरोसा बढ़ाने की कोशिश की है।
ये भी पढ़े: सिर्फ ₹449 में 4 सिम का धमाका, जियो का फैमिली प्लान बना मिडिल क्लास के लिए सुपर डील
हर मामले की जांच जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति करेगी। इसमें जिला मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शामिल होंगे। जांच पूरी होने के बाद सत्यापित लाभार्थियों के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए इनाम राशि भेजी जाएगी।
दिल्ली की सड़कों पर रोज हजारों वाहन चलते हैं। ऐसे में दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे में त्वरित मदद से मौतों की संख्या कम की जा सकती है। राह-वीर योजना से उम्मीद है कि लोग अब मूकदर्शक बनने के बजाय आगे आएंगे। यह कदम राजधानी की आपातकालीन व्यवस्था को मजबूत करने और अनगिनत जिंदगियां बचाने में अहम साबित हो सकता है।