सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के हाथ लगी निराशा, सेमीफाइनल में खत्म हुआ सात्विक और चिराग का सफर
सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में सात्विक और चिराग की हार के साथ भारत का सफर समाप्त हो गया है। सेमीफाइनल में सात्विक और चिराग को मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक से हार का सामना करना पड़ा।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
सात्विक और चिराग (फोटो-सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया है। भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को सेमीफाइनल मुकाबले में हार मिली। इस हार के साथ टीम भारत के इस जोड़ी का सफर समाप्त हो गया। मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक से भारतीय जोड़ी को हार मिली।
भारतीय जोड़ी के लिए यह इस साल तीसरा सेमीफाइनल था। यह जोड़ी इससे पहले इंडिया ओपन और मलेशिया ओपन में अंतिम चार में पहुंची थी। विश्व की पूर्व नंबर एक भारतीय जोड़ी पहले गेम की बढ़त को भुनाने में नाकाम रही और 64 मिनट तक चले मुकाबले को 21-19, 10-21, 18-21 से गंवा बैठी। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने जबरदस्त धैर्य और जज्बे का प्रदर्शन कर सात मैच प्वाइंट बचाए लेकिन यह उन्हें हार से बचाने के लिए काफी नहीं था।
भारतीय जोड़ी की शुरुआत अच्छी रही
सात्विक और चिराग की जोड़ी चोट और फिटनेस संबंधी समस्याओं के कारण लंबे समय तक खेल से दूर रही जिससे यह जोड़ी विश्व रैंकिंग में 27वें पायदान पर खिसक गयी। पेरिस ओलंपिक में इस भारतीय जोड़ी के सफर पर क्वार्टर फाइनल में विराम लगाने वाली मलेशियाई जोड़ी ने एक बार फिर शुरुआत गेम गंवाने के बाद मजबूत वापसी की।
सम्बंधित ख़बरें
पाकिस्तान क्रिकेट को फिर होना पड़ा शर्मसार, T20 WC 2026 के दौरान मोहम्मद नवाज की काली करतूत आई सामने
विवादों के घेरे में गुजरात टाइटंस का स्टार खिलाड़ी! होटल में स्मोकिंग करते दिखा प्लेयर, सोशल मीडिया पर बवाल
Malaysian Cricket Association का बड़ा ऐलान, डेव व्हाटमोर को मिली अहम जिम्मेदारी
IPL 2026: जीत के बाद मुंबई इंडियंस की खुली किस्मत! टीम में लौटा सबसे बड़ा मैच विनर
यह मुकाबला शुरुआत से काफी करीबी था जहां दोनों जोड़ियों हर अंक के लिए पूरा जोर लगा रही थी। स्कोर एक समय 6-6 की बराबरी पर थी। भारतीय जोड़ी के दमदार स्मैश का आरोन चिया अच्छा बचाव कर रहे थे। चिराग के दमदार स्मैश से भारत ने एक बार फिर से स्कोर को 8-8 से बराबर किया जबकि सात्विक के शानदार रिटर्न से इस जोड़ी ने 11-8 की बढ़त कायम की।
भारतीय जोड़ी ने जीता पहला गेम
भारतीय जोड़ी ने इस बढ़त को बरकरार रखते हुए स्कोर को 15-12 किया लेकिन मलेशिया की जोड़ी ने वापसी करते हुए इसे 18-18 कर दिया। सोह शटल को पीछे की लाइन से दूर मारने के बाद दूसरे प्रयास में नेट पर खेल गये जिससे भारत ने दो गेम प्वाइंट हासिल कर लिया। मलेशिया की जोड़ी एक प्वाइंट का बचाव करने में सफल रही जबकि आरोन के चूकने से भारतीय जोड़ी ने पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में मलेशिया की जोड़ी ने मारी बाजी
मलेशियाई जोड़ी ने दूसरे गेम में दमदार खेल से 5-0 की बढ़त कायम की। सात्विक और चिराग इसके बाद 32 शॉट वाली रैली को जीतने में सफल रहे लेकिन आरोन और सोह ने दबदबा कायम रखते हुए 14-7 की बढ़त बना ली। उन्होंने इसके बाद 10 गेम प्वाइंट हासिल कर इस गेम को आसानी से जीत लया।
ऐसा रहा निर्णायक गेम
निर्णायक गेम की शुरुआती में कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन भारतीय जोड़ी की गलती का फायदा उठा कर मलेशियाई जोड़ी ने 8-6 और फिर 14-9 की बढ़त बना ली। उन्होंने स्कोर को 18-12 किया और फिर नौ मैच प्वाइंट हासिल किये। भारतीय जोड़ी सात मैच प्वाइंट का बचाव करने में सफल रही लेकिन मलेशियाई जोड़ी को लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने से नहीं रोक सकी।
