निशा को जानबूझकर किया चोटिल, कोच वीरेंद्र ने लगाया आरोप, विनेश के सामने युई सुसाकी की बड़ी चुनौती

पेरिस ओलंपिक में कुश्ती क्वार्टर फाइनल में निशा के चोटिल होने के बाद कोच वीरेंद्र दहिया ने ये आरोप लगाया कि निशा को जानबूझकर चोटिल किया गया है। तो वहीं दूसरी ओर विनेश फोगाट के सामने आज कुश्ती में आज युई सुसाकी की बड़ी चुनौती होगी।
Nisha Dahiya And Vinesh Phogat
कुश्ती खिलाड़ी (सौजन्य-एक्स)
Published on
Updated on

पेरिस: पेरिस ओलंपिक के कुश्ती के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में निशा दहिया मैच के कारण चोटिल होने से सेमीफाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाई। जिसके बाद निशा दहिया के कोच वीरेंद्र दहिया ने ये आरोप लगाया कि निशा को जानबूझकर चोटिल किया गया।

चोटिल निशा दहिया को कलाई की स्कैन के लिए ले जाया गया। महिलाओं के 68 किग्रा वर्ग में यूक्रेन की पहलवान के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने के बाद निशा दहिया को उत्तर कोरिया की सोल गम पाक के खिलाफ दायें हाथ में गंभीर चोट लग गयी। उन्हें स्कैन के लिए खेल गांव के अंदर एक चिकित्सा सुविधा में ले जाना पड़ा।

कोच ने लगाया आरोप

भारत के राष्ट्रीय कोच वीरेंद्र दहिया ने ‘पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘यह शत प्रतिशत जानबूझकर किया गया था, उसने जानबूझकर निशा को चोट पहुंचाई। हमने देखा था, कोरियाई कोने से एक निर्देश आया था जिसके बाद उसने कलाई की जोड़ के पास पर हमला किया। उसने निशा से पदक छीन लिया।''

कोच ने कहा, ‘‘जिस तरह से निशा ने शुरुआत की थी, पदक उसके गले में था और उसे छीन लिया गया है। निशा रक्षण और जवाबी हमले दोनों में शानदार थी उसने एशियाई क्वालीफायर में उसी पहलवान को हराया था।''

कोरिया की खिलाड़ी अगर फाइनल में पहुंचती है, तो निशा पदक की दौड़ में वापसी कर सकती है, लेकिन अगर उसे रेपेचेज मिलता है, तो भी चोट की सीमा तय करेगी कि वह मैट ले पाएगी या नहीं।

विनेश फोगाट के सामने बड़ी चुनौती

स्टार भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को सोमवार को पेरिस ओलंपिक में कड़ा ड्रा मिला जिसमें 50 किग्रा में उनके सामने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और चार बार की विश्व चैंपियन युई सुसाकी की चुनौती होगी।

सुसाकी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अभी तक एक भी हार का सामना नहीं किया है। विनेश के लिए पहला राउंड पार करना कठिन काम होगा, क्योंकि उनका मुकाबला जापान की उस खिलाड़ी से है, जिसने टोक्यो खेलों में एक भी अंक गंवाए बिना स्वर्ण पदक जीता था।

विनेश के लिए यह हालांकि अच्छा भी हो सकता है क्योंकि सुसाकी फाइनल में पहुंचने की दावेदार है और ऐसी स्थिति विनेश के लिए रेपेचेज का रास्ता खोल सकती है। पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश अपना तीसरा ओलंपिक खेल रही हैं लेकिन वह पहली बार 50 किग्रा में चुनौती पेश करेंगी। इससे पहले वह 53 किग्रा में खेलती थी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com