चोट के बावजूद आखिरी तक लड़ती रहीं निशा, नहीं बना पाई क्वार्टर फाइनल में जगह, रेपेचेज में आखिरी मौका

पेरिस ओलंपिक में कुश्ती मुकाबले का क्वार्टर फाइनल खेल रही निशा दहिय सेमीफाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाई। निशा मैच के आखिरी पलों में चोटिल हो गयीं। लेकिन उन्होंने मुकाबले को बीच में नहीं छोड़ा और आखिरी तक अपनी लड़ाई जारी रखी।
Nisha Dahiya Quarter final
निशा दहिया (सौजन्य-एक्स)
Published on
Updated on

पेरिस: पेरिस ओलंपिक में महिला 68 किग्रा कुश्ती मुकाबले के क्वार्टर फाइनल में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही निशा दहिया सेमीफाइनल में अपनी जगह नहीं बना पायीं। निशा मैच के आखिरी पलों में चोटिल हो गईं। जिसका फायदा विरोधी प्रतिभागी ने उठाया और बढ़त बना ली।

भारतीय पहलवान निशा दहिया दायें हाथ में चोट के कारण शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख सकीं और महिला 68 किग्रा कुश्ती मुकाबले के क्वार्टर फाइनल में सोमवार को उत्तर कोरिया की पाक सोल गम से हार गयी। सोल गम ने निशा को 10-8 से शिकस्त दी।

निशा ने बनाई थी बढ़त

एशियाई चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता पहलवान निशा ने उत्तर कोरिया की पहलवान के खिलाफ शुरुआती कुछ सेकेंड में ही 4-0 की बढ़त बना ली। उन्होंने इसके बाद तीन मिनट के शुरुआती पीरियड में रक्षात्मक रवैया अपनाकर उत्तर कोरिया की पहलवान को कोई मौका नहीं दिया।

सोल गम ने दूसरे पीरियड में आक्रामक शुरुआत कर एक अंक हासिल किया लेकिन निशा ने उन्हें रिंग से बाहर निकल कर अपनी बढ़त 6-1 कर ली। उन्होंने दो और अंक के साथ अपनी बढ़त मजबूत की लेकिन इस दौरान उनका दाहिना हाथ गंभीर रूप से चोटिल हो गया।

अभी मुकाबले में एक मिनट बचा था और 25 साल की यह पहलवान दर्द से कराहने लगी थी। उन्होंने इलाज के बाद खेल शुरू किया लेकिन उत्तर कोरिया की पहलवान को रोकने में सफल नहीं रही। वह नम आंखों के साथ मैट से नीचे उतरी।

रेपेचेज का आखिरी मौका

निशा को अब इंतजार करना होगा कि उन्हें रेपेचेज के जरिए कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करने का मौका मिलता है या नहीं। अगर पाक सोल गम फाइनल में पहुंची तो निशा रेपेचेज दौर में जाएंगी। सोल गम देर रात सेमीफाइनल में अमेरिका की एमित एलोर की चुनौती का सामना करेगी।

निशा ने इससे पहले अंतिम 16 के मैच में यूक्रेन की तेतियाना सोवा के खिलाफ विजयी शुरुआत की थी। निशा ने यूक्रेन की पहलवान को 6-4 से हराया। निशा शुरुआत में तेतियाना से पिछड़ रही थी लेकिन उन्होंने 4-4 से बराबरी करने के बाद आखिरी कुछ सेकेंड में तेतियान को मैट से बाहर निकाल कर दो अंक हासिल कर जीत दर्ज की।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com