मिचेल मार्श (फोटो- सोशल मीडिया)
Mitchell Marsh Records in T20I: ऑस्ट्रेलिया और न्यूीजलैंड के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। मिचेल मार्श टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं वो ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के दूसरे कप्तान बन गए हैं।
आईसीसी फुल मेंबर में बतौर कप्तान लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाले दुसरे बल्लेबाज बन गए हैं। मार्श से पहले सिर्फ बाबर आजम के नाम ही ये उपलब्धि रही है। बाबर आजम ने एक नहीं बल्कि दो बार बतौर कप्तान लक्ष्य का पीछा करते हुए टी20 में शतक लगाए हैं। बाबर ने 2021 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 122 और 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ कराची में 110 रन की पारी खेली थी।
मार्श ने अपने पहले टी20 शतक के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। वह टी20 में बतौर कप्तान शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले 2018 में आरोन फिंच ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 और 2016 में शेन वॉटसन ने भारत के खिलाफ सिडनी में 124 रन की पारी खेली थी।
क्रमांक | खिलाड़ी का नाम | स्कोर | विरोधी टीम | स्थान | वर्ष |
---|---|---|---|---|---|
1 | आरोन फिंच | 172 | जिम्बाब्वे | हरारे | 2018 |
2 | शेन वॉटसन | 124* | भारत | सिडनी | 2016 |
3 | मिचेल मार्श | 103* | न्यूज़ीलैंड | माउंट माउंगानुई | 2025 |
मार्श ने अपनी पारी में 7 छक्के लगाए। इस दौरान टी20 फॉर्मेट में उनके 100 छक्के पूरे हो गए। टी20 में 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले वह ऑस्ट्रेलिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले ग्लेन मैक्सवेल, आरोन फिंच और डेविड वॉर्नर ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: कानपुर में होटल का खाना खाकर बीमार हुए चार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी, हेनरी थॉर्नटन अस्पताल में भर्ती
क्रमांक | खिलाड़ी का नाम | छक्कों की संख्या |
---|---|---|
1 | ग्लेन मैक्सवेल | 148 |
2 | एरॉन फिंच | 125 |
3 | डेविड वॉर्नर | 122 |
4 | मिचेल मार्श | 101 |
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। न्यूीजलैंड के टिम साइफर्ट ने 48, ब्रेसवेल 26 और नीशम ने 25 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड के 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 18 ओवर में 7 विकेट पर 160 रन बनाकर मैच 3 विकेट से जीता। इस जीत में कप्तान मिशेल मार्श की यादगार बल्लेबाजी की अहम भूमिका रही। मार्श ने 52 गेंद पर 7 छक्के और 8 चौके लगाते हुए नाबाद 103 रन की पारी खेली। उन्हें इस यादगार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। मार्श ने अपने पहले टी20 शतक के साथ एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।