Australia Open: मेलबर्न में रिबाकिना का राज, 2023 के जख्मों पर लगाया मरहम, आर्यना सबालेंका को हराकर जीता खिताब
Australia Open 2026: कजाकिस्तान की एलेना रिबाकिना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के फाइनल में विश्व नंबर-1 आर्यना सबालेंका को 6-4, 4-6, 6-4 से हराकर दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया।
- Written By: संजय बिष्ट
ऑस्ट्रेलिया ओपन 2026 का फाइनल (फोटो- सोशल मीडिया)
Australia Open 2026 Final: कजाकिस्तान की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलेना रिबाकिना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के रोमांचक फाइनल में विश्व नंबर-1 आर्यना सबालेंका को मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए इस लंबे और उतार-चढ़ाव भरे मुकाबले में रिबाकिना ने 6-4, 4-6, 6-4 से जीत दर्ज करते हुए अपने करियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। यह जीत उनके लिए खास रही, क्योंकि उन्होंने 2023 के फाइनल में इसी कोर्ट पर सबालेंका से मिली हार का बदला भी पूरा कर लिया।
पहले दो सेट में बराबरी की टक्कर
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। रिबाकिना ने सटीक सर्विस और दमदार ग्राउंडस्ट्रोक्स के दम पर पहला सेट 6-4 से अपने नाम किया। इसके बाद सबालेंका ने आक्रामक खेल दिखाते हुए दूसरे सेट में जोरदार वापसी की और 4-6 से सेट जीतकर मुकाबले को निर्णायक तीसरे सेट तक खींच लिया।
तीसरे सेट में 0-3 से ऐतिहासिक वापसी
निर्णायक सेट की शुरुआत रिबाकिना के लिए आसान नहीं रही। वह एक समय 0-3 से पीछे चल रही थीं और ऐसा लग रहा था कि सबालेंका लगातार तीसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीत लेंगी। लेकिन यहीं से रिबाकिना ने अद्भुत धैर्य और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। उन्होंने लगातार पांच गेम जीतकर मैच का पासा पलट दिया। अपनी पहली ही चैंपियनशिप पॉइंट पर शानदार एस जड़ते हुए उन्होंने खिताबी जीत सुनिश्चित की।
सम्बंधित ख़बरें
ऋषभ पंत पर गिरेगी गाज! सिलेक्शन कमेटी लेने जा रही बड़ा फैसला, टेस्ट टीम में इस बड़ी जिम्मेदारी से होगी छुट्टी?
विराट कोहली का बड़ा कीर्तिमान, 35 साल की उम्र के बाद तीसरी बार किया ये कमाल, सचिन और डु प्लेसिस को छोड़ा पीछे
RCB vs PBKS: कोहली और वेंकटेश अय्यर की अर्धशतकीय पारी, बेंगलुरु ने पंजाब को जीत लिए दिया 223 रन का टारगेट
थाईलैंड ओपन में सिल्वर जीतने के बाद सात्विक-चिराग ‘मलेशिया मास्टर्स’ से हटे, जानिए क्या है कारण?
सबालेंका के दबदबे को दी कड़ी चुनौती
आर्यना सबालेंका पिछले कुछ वर्षों में महिला टेनिस की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में रही हैं। उन्होंने बीते चार सालों में तीन ग्रैंड स्लैम खिताब जीते, जिनमें ऑस्ट्रेलियन ओपन के लगातार दो खिताब और यूएस ओपन 2024 व 2025 शामिल हैं। इसके उलट, 2022 विंबलडन जीत के बाद रिबाकिना का फॉर्म कुछ समय के लिए गिरा था। हालांकि, पिछले साल डब्ल्यूटीए फाइनल्स में सबालेंका के खिलाफ मिली जीत ने उनका आत्मविश्वास लौटाया और उसी का नतीजा ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में देखने को मिला।
ये भी पढ़ें: मेंस डबल्स में क्रिश्चियन हैरिसन और नील स्कुप्स्की ने जीता खिताब, कुबलर-पोलमैन्स को हराया
शांत स्वभाव ने दिलाई जीत
फाइनल के दौरान कोर्ट पर दोनों खिलाड़ियों के मिजाज बिल्कुल अलग नजर आए। सबालेंका हर पॉइंट के बाद जोश से भरी दिखीं, जबकि रिबाकिना पूरे मैच में शांत और संयमित रहीं। रिबाकिना की सर्विस उनकी सबसे बड़ी ताकत साबित हुई, उन्होंने छह एस लगाए और दबाव के क्षणों में छह अहम ब्रेक पॉइंट बचाए। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने नेट पर एक-दूसरे को बधाई दी। रिबाकिना ने भीड़ की ओर हाथ हिलाकर सादगी से जीत का जश्न मनाया। यह जीत उन सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है जो कठिन दौर से गुजरते हुए भी वापसी का सपना देखते हैं।
