

स्पोर्ट्स डेस्क नवभारत: भारत में आमतौर पर क्रिकेट और बॉलीवुड का नाता देखने को मिलता है। ग्लैमर में ग्लैमर चिपकता नजर आता है। लेकिन आज हम जिस खिलाड़ी की बात करने जा रहे हैं उसका क्रिकेट के बजाय बैडमिंटन से ताल्लुक है। इसके साथ ही साथ फिल्म इंडस्ट्री से भी उसका पर्सनल नाता रहा है। ग्लैमर और विवाद की पुरानी रिश्तेदारी मानी जाती है, इसलिए वह विवादों में भी घिरी रही हैं। जी हां, भारत की स्टार बैडमिंटन प्लेयर ज्वाला गुट्टा आज यानी शनिवार 07 सितंबर को अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर हम आपको उनकी जिंदगी और करियर से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से बताने जा रहे हैं।
बैडमिंटन की दुनिया में ज्वाला अपने बेबाकी और आक्रामक खेल के लिए फेमस है। वह कोर्ट के बाहर भी कई विवादों से घिरी रही हैं। उन्होंने नेशनल कोच गोपीचंद के साथ विवाद की वजह से भी सुर्खियों में रही थीं। ज्वाला ने कोच पर आरोप लगाया था कि गोपीचंद जानबूझकर उन्हें टीम से बाहर रख रहे हैं।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा के पिता एम. क्रांति तेलुगु और मां येलन चीन से हैं। ज्वाला गुट्टा ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई हैदराबाद से की थी। वहीं से उन्होंने बैडमिंटन खेलना शुरू किया था। बाएं हाथ से बैडमिंटन खेलने वालीं ज्वाला गुट्टा ने छोटी उम्र में ही खेल जगत में अपना नाम बना लिया था।
6 साल की उम्र में ज्वाला गुट्टा ने बैडमिंटन रैकेट पकड़ा था। लेकिन, उससे पहले वह टेनिस खेलना पसंद करती थीं। ज्वाला ने देश के लिए साल 2011 में लंदन विश्व चैंपियनशिप में महिला डबल्स में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। जबकि 2010 में दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स में ज्वाला ने महिला डबल्स में गोल्ड मेडल जीता था और मिक्स्ड डबल्स का सिल्वर मेडल। 2014 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत और 2006 के मेलबर्न गेम्स में कांस्य पदक भी जीता था।
ज्वाला गुट्टा ने साल 2002 से 2008 तक लगातार सात बार महिलाओं के नेशनल युगल प्रतियोगिता में जीत हासिल की है। साल 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स में भी ज्वाला गुट्टा ने अपने पार्टनर अश्विनी पोनप्पा के साथ भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था।
इतना ही नहीं ज्वाला गुट्टा 13 बार नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप भी जीत चुकी हैं। उन्हें बैडमिंटन की सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। साथ ही वह डबल्स की सबसे दमदार खिलाड़ी हैं। इतना ही नहीं साल 2011 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
बैडमिंटन के अलावा ज्वाला गुट्टा फिल्मों में भी अपना अपना हाथ आजमा चुकी है। वह साउथ कि फिल्मों में आइटम नंबर भी कर चुकी हैं। उन्होंने साउथ के एक्टर विष्णु से शादी की है, जो पूर्व क्रिकेटर भी हैं।