एशिया कप 2025 का सफर शुरू, चीन रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम
हॉकी विश्व कप में टीम इंडिया व टूर्नामेंट के महत्व पर बात करते हुए कप्तान सलीमा टेटे ने कहा है कि ये टूर्नामेंट हमारे लिए अगले साल FIH महिला हॉकी विश्व कप में जगह बनाने का अवसर है।
- Written By: संजय बिष्ट
भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Indian Women’s Hockey Team: भारतीय हॉकी टीम व उसके फैंस हॉकी विश्व कप 2025 को लेकर काफी उत्साहित हैं। बता दें कि टीम इंडिया ने इसके लिए अपना सफर शुरु भी कर दिया है। भारतीय महिला हॉकी टीम महिला एशिया कप के लिए शनिवार को चीन के हांग्जो रवाना हो गई। इस दौरान महिला टीम की कमान सलीमा टेटे को सौंपी गई है। इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए टेटे पूर्ण रूप से तैयार नजर आ रही हैं। टेटे ने हॉकी विश्व कप 2026 में जगह पक्की करने के उद्देश्य से एशिया कप जीतने का लक्ष्य रखा है।
हॉकी विश्व कप में टीम इंडिया व टूर्नामेंट के महत्व पर बात करते हुए कप्तान सलीमा टेटे ने कहा है कि “यह टूर्नामेंट हमारे लिए अगले साल होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में जगह बनाने का अवसर है। हम इसी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हमारी पहली प्राथमिकता अपने पूल में शीर्ष पर रहना और सुपर फोर में पहुंचना है। वहां से, हम मैच दर मैच ट्रॉफी की ओर बढ़ेंगे।”
महिला एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड
20 सदस्यीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है। गोलकीपर बंसरी सोलंकी और बिचु देवी खारीबाम टीम में गहराई प्रदान करते हैं। रक्षा इकाई में निक्की प्रधान और उदिता जैसी अनुभवी खिलाड़ी हैं। इनका साथ युवा मनीषा चौहान, ज्योति, सुमन देवी थौदम और इशिका चौधरी देंगी। मिडफील्ड में नेहा, कप्तान सलीमा टेटे, लालरेम सियामी, शर्मिला देवी, सुनीता टोप्पो और वैष्णवी विट्ठल फाल्के जैसे मजबूत खिलाड़ी हैं। फॉरवर्ड में नवनीत कौर, संगीता कुमारी, मुमताज खान, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग और रुतजा दादासो पिसल हैं।
सम्बंधित ख़बरें
भारतीय हॉकी को लगा बड़ा झटका, ओलंपियन गुरबख्श सिंह ग्रेवाल का 84 वर्ष की उम्र में निधन
Hockey U18 Men and Women Camp की लिस्ट जारी, हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों का किया ऐलान
Indian Women’s Hockey Team का बेहतरीन कमबैक, अर्जेंटीना के खिलाफ 2-2 से सीरीज की बराबर
वो खिलाड़ी जिसने 6 साल की उम्र में पकड़ी हॉकी स्टिक, एशियाई खेलों में भारत को दिलाया था रजत पदक
यह भी पढ़ें: 4 जून की भगदड़ पर RCB का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिवार को मिलेगा 25-25 लाख मुआवजा
भारत को पूल बी में रखा गया है। ग्रुप की अन्य टीमें जापान, थाईलैंड और सिंगापुर हैं। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। उसके बाद 6 सितंबर को जापान के खिलाफ और फिर 8 सितंबर को सिंगापुर के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी। भारत ने महिला एशिया कप दो बार जीता है, पहला 2004 में और फिर 2017 में। पिछले महिला एशिया कप में भारतीय टीम तीसरे नंबर पर रही थी। महिला एशिया कप 2025 का आयोजन चीन के हांग्जो शहर में 5 से 14 सितंबर तक होगा।
एजेंसी इनपुट के साथ
