पाकिस्तान और इंग्लैंड समर्थक के बीच बहस (फोटो- सोशल मीडिया)
ENG vs PAK, T20 World Cup 2026: पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में रोमांच चरम पर रहा। आखिरी ओवर तक खिंचे इस मैच में पाकिस्तान को 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। क्रिकेट में जीत-हार खेल का हिस्सा है और मैदान पर पाकिस्तान की टीम ने नतीजे को स्वीकार भी किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 164 रन बनाए। लक्ष्य बड़ा तो नहीं था, लेकिन चुनौतीपूर्ण जरूर था। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने संघर्ष दिखाया और कप्तान हैरी ब्रूक की शानदार शतकीय पारी के दम पर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैदान पर मुकाबला खत्म हुआ तो स्टेडियम के भीतर एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। हार से निराश एक पाकिस्तानी फैन इंग्लैंड के समर्थक से उलझ पड़ा। बहस इतनी बढ़ी कि आसपास मौजूद लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा। हालांकि स्थिति ज्यादा बिगड़ने से पहले ही दोनों को श्रीलंकाई फैन्स के द्वारा अलग कर दिया गया।
A heated argument between an England and a Pakistan fan last night. pic.twitter.com/fqoQqTgQDv — Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) February 25, 2026
यह कहना गलत नहीं होगा कि पाकिस्तान ने मैच में पूरी कोशिश की, लेकिन कुछ रणनीतिक चूकें भारी पड़ीं। कई क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि बनाए गए स्कोर को बेहतर गेंदबाजी और कप्तानी से बचाया जा सकता था।
जिस पाकिस्तानी समर्थक का वीडियो सामने आया, उसका नाम जुहैब अहमद बताया जा रहा है। वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहता है और खुद को इंफ्लूएंसर कहता है। इससे पहले भी वह विदेशी क्रिकेट फैंस से उलझने को लेकर चर्चा में रह चुका है। एक बार उसने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रेमी को सैंडपेपर दिखाकर उकसाने की कोशिश की थी, लेकिन तब भी उसे ही आलोचना झेलनी पड़ी थी।
ये भी पढ़ें: गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह ने लगाई लंबी छलांग, वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर बरकरार
कई लोगों का मानना है कि ऐसे विवादों के पीछे सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह बड़ी वजह होती है। मैच के बाद की बहस भी कैमरों में कैद हो गई और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर फैल गई। बताया जा रहा है कि इस घटना की जानकारी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रेमी जेक जेकिंग्स ने अपने X अकाउंट पर साझा की। कुल मिलाकर, मैदान पर इंग्लैंड जीता और स्टैंड में भी संयम ने आक्रोश पर जीत हासिल की।