9 मुकाबलों में बनाए 235 रन, ये है टीम इंडिया का साइलेंट मैच विनर खिलाड़ी, T20 WC 2026 में भी निभाई अहम भूमिका
T20 WC 2026: टीम इंडिया ने लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है। इन दोनों जीत में एक खिलाड़ी ने अहम भूमिका निभाई और कई मौकों पर टीम को संभाला। आइए जानते हैं कौन है वह खिलाड़ी।
- Written By: संजय बिष्ट
हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे (फोटो- सोशल मीडिया)
Shivam Dube Stats in T20 World Cup 2026: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया और इसके साथ ही दो साल के भीतर दूसरी बार यह ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही। इससे पहले 2024 में वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था। दिलचस्प बात यह है कि इन दोनों टूर्नामेंट में एक ऐसा खिलाड़ी रहा जिसने अहम मौकों पर टीम के लिए योगदान दिया, लेकिन उसकी चर्चा अपेक्षाकृत कम हुई। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि ऑलराउंडर शिवम दुबे हैं। जब भी टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थितियों में रन या विकेट की जरूरत पड़ी, दुबे ने आगे आकर जिम्मेदारी निभाई। यही वजह है कि उन्हें टीम इंडिया का साइलेंट मैच विनर कहना गलत नहीं होगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कैसा रहा शिवम दुबे का प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शिवम दुबे ने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 9 मैच खेले और 8 पारियों में बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने 39.16 की औसत से 235 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट भी काफी शानदार रहा, जो 169.06 का था। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी देखने को मिला। बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी में भी दुबे ने टीम के लिए योगदान दिया और पूरे टूर्नामेंट में 5 विकेट हासिल किए। खास बात यह रही कि उन्होंने बड़े मुकाबलों में भी टीम के लिए उपयोगी पारियां खेलीं।
सेमीफाइनल और फाइनल में भी निभाई अहम भूमिका
इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में शिवम दुबे ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार पारी खेली। उन्होंने 25 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम 253 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में भी दुबे ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन की नाबाद पारी खेली, जिससे भारत का स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन तक पहुंच गया। दोनों ही मुकाबलों में उनकी तेज पारियों ने मैच का रुख बदलने में अहम योगदान दिया।
सम्बंधित ख़बरें
DC vs PBKS: सिर की चोट के बाद कैसी है लुंगी एन्गिडी की हालत? IPL ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन, दी बड़ी जानकारी
RR vs SRH: बेकार गया वैभव सूर्यवंशी का विस्फोटक शतक, हैदराबाद ने 229 रन चेज कर राजस्थान को दूसरी बार हराया
भारतीय हॉकी को लगा बड़ा झटका, ओलंपियन गुरबख्श सिंह ग्रेवाल का 84 वर्ष की उम्र में निधन
RR vs SRH: वैभव सूर्यवंशी का तूफानी शतक, राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स के सामने खड़ा किया 229 का टारगेट
ये भी पढ़ें: T20 World Cup में जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बने
2024 के फाइनल में भी निभाई थी अहम भूमिका
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भी शिवम दुबे ने महत्वपूर्ण पारी खेली थी। उस मुकाबले में भारत का सामना साउथ अफ्रीका से था। मैच के अंतिम ओवरों में दुबे ने 16 गेंदों में 27 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया। उनकी यह पारी बेहद अहम साबित हुई क्योंकि भारत ने वह मुकाबला 7 रन से जीता था। सिर्फ फाइनल ही नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में भी दुबे ने टीम के लिए उपयोगी योगदान दिया था। लगातार दो वर्ल्ड कप में अहम प्रदर्शन के चलते अब शिवम दुबे को भारतीय टीम का भरोसेमंद ऑलराउंडर माना जाने लगा है।
