समीर रिजवी (फोटो- सोशल मीडिया)
Sameer Rizvi 90 Runs against Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के आठवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 90 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर दिल्ली ने 163 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज की। हालांकि रिजवी शतक से महज 10 रन दूर रह गए।
समीर रिजवी की यह पारी दिल्ली कैपिटल्स के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीसरी सबसे बड़ी पारी बन गई है। इस सूची में पहला नाम वीरेंद्र सहवाग का है, जिन्होंने 2013 में नाबाद 95 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर जेसन रॉय हैं, जिन्होंने 2018 में 91 रन की पारी खेली थी। अब इस लिस्ट में समीर रिजवी का नाम भी शामिल हो गया है। रिजवी के पास शतक लगाकर इस सूची में ऊपर जाने का मौका था, लेकिन वह 90 रन पर ही आउट हो गए और इतिहास रचने से चूक गए।
इस मुकाबले में समीर रिजवी इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर उतरे थे और उन्होंने इस भूमिका में भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में तीसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में पहले स्थान पर साई सुदर्शन हैं, जिन्होंने 2025 में नाबाद 108 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर जोस बटलर हैं, जिन्होंने 2024 में नाबाद 107 रन की पारी खेली थी। रिजवी ने इस मैच में 56 गेंदों में 90 रन बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
अपनी शानदार बल्लेबाजी के लिए समीर रिजवी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत और सुधार को दिया। रिजवी ने कहा कि पिछले साल के बाद उन्होंने अपनी कमजोरियों पर खास ध्यान दिया, खासकर तेज गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी पर। उन्होंने बताया कि लगातार मेहनत का ही नतीजा है कि अब वह बेहतर प्रदर्शन कर पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: गुजरात टाइटंस को लगा बड़ा झटका, राजस्थान के खिलाफ मैच से क्यों बाहर हुए शुभमन गिल?
उन्होंने यह भी कहा कि जब कोई बल्लेबाज अच्छी लय में होता है तो गेंद अलग तरीके से नजर आती है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह हमेशा मैच की स्थिति के अनुसार खेलने की कोशिश करते हैं। रिजवी की यह पारी न सिर्फ दिल्ली के लिए मैच जिताने वाली साबित हुई, बल्कि उनके करियर के लिए भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है।