IPL 2026: समीर रिजवी की ताबड़तोड़ पारी से जीता दिल्ली, मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से रौंदा

IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 के 8वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया। समीर रिजवी की अर्धशतकीय पारी के बदौलत दिल्ली ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
IPL 2026, Delhi Capitals vs Mumbai Indians
समीर रिजवी (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IPL 2026, Delhi Capitals vs Mumbai Indians: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 8वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने धमाकेदार जीत हासिल कर ली है। दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली है। इस जीत के साथ दिल्ली की टीम पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गई है।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर एमआई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। तीसरे ओवर में मुकेश कुमार ने दो विकेट लेकर मुंबई को बैठफुट पर ढकेल दिया। मुंबई इंडियंस 18 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी। यहां से हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में कप्तानी का भार संभाल रहे सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाल लिया।

सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी

रोहित 26 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सूर्या ने नमन धीर के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। सूर्या 36 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नमन धीर ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, मिचेल सेंटनर ने नाबाद 18 और कॉर्बिन बॉश ने 11 रन बनाए। एमआई ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक 6 विकेट खोकर 162 रन जुटाए। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से मुकेश कुमार ने 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि लुंगी नगिडी, अक्षर पटेल, विपराज निगम और टी नटराजन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

दिल्ली कैपिटल्स की खराब शुरुआत

दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। केएल राहुल 1 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद नीतीश राणा रन आउट हो गए। दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद पथुम निसांका और समीर रिजवी ने पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की। पथुम निसांका 44 रन बनाकर आउट हुए।

IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत

वहीं एक छोर पर समीर रिजवी जमे रहे और गेंदबाजों पर प्रहार करते रहे। इस दौरान समीर रिजवी ने छक्के से अपना अर्धशतक पूरा किया। अर्धशतक पूरा करने के बाद रिजवी ने मुकाबले को जल्द खत्म करने के लिए रौद्र रूप अपनाया। समीर रिजवी ने 51 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्कों के सहारे 90 रन बनाए। वहीं मिलर ने 21 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। दिल्ली ने 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। मुंबई के लिए कॉर्विन बॉश ने 1, दीपक चाहर ने 1 और सेंटनर ने 1 विकेट चटकाए। यह दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत है।

Navbharat Live
navbharatlive.com