क्या रोहित-विराट उतरेंगे विजय हजारे ट्रॉफी के मैदान में? ये है अबतक का सबसे बड़ा अपडेट

Vijay Hazare Trophy: रोहित शर्मा और विराट कोहली के विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की संभावना है। ऑस्ट्रेलिया दौरे की वनडे सीरीज से पहले दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन और भविष्य पर बड़ा अपडेट है।
क्या रोहित-विराट उतरेंगे विजय हजारे ट्रॉफी के मैदान में? आ गया अबतक का सबसे बड़ा अपडेट
रोहित शर्मा और विराट कोहली (सौजन्य: X)
Published on: 
Updated on: 

Rohit Shamra and Virat Kohli News: भारतीय क्रिकेट में इस समय सबसे ज्यादा चर्चा का विषय यह है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली का वनडे भविष्य कैसा रहेगा? टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए घोषित वनडे स्क्वाड में शुभमन गिल को नया कप्तान बनाया गया है। वहीं, रोहित और कोहली को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनके 2027 वनडे विश्व कप में खेलने को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसी बीच अब यह संभावना बढ़ रही है कि दोनों खिलाड़ी विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आएंगे, जिससे उनके फॉर्म और फिटनेस का अंदाजा लगाया जा सके।

विजय हजारे ट्रॉफी में शिरकत करने की उम्मीद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम इंडिया साल 2025 में अपनी आखिरी वनडे सीरीज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी, जो 6 दिसंबर को समाप्त होगी। इसके बाद 11 जनवरी 2026 से न्यूजीलैंड के खिलाफ अगली वनडे सीरीज शुरू होगी। इन दोनों सीरीज के बीच लगभग पांच सप्ताह का समय है। इसी समय का लाभ उठाते हुए विजय हजारे ट्रॉफी का आयोजन 24 दिसंबर से किया जाएगा, जिसमें मुंबई टीम कम से कम छह मैच खेलेगी। इस योजना के तहत रोहित और कोहली दोनों को न्यूजीलैंड सीरीज से पहले कम से कम तीन-तीन मैच खेलने की उम्मीद जताई जा रही है।

ऑस्ट्रेलिया सीरीज में दिखेंगे रोहित-कोहली

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने पहले ही टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से इंटरनेशनल क्रिकेट में संन्यास का ऐलान कर दिया है। दोनों का पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इस साल की शुरुआत में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में हुआ था। अब करीब सात महीने के बाद दोनों फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले हैं, और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज उनके लिए एक बड़ा मौका होगी।

फैंस को दोनों से बड़ी उम्मीद

ऑस्ट्रेलिया दौरे में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। फैंस यह देखना चाहेंगे कि रोहित और कोहली अब भी अपने बेहतरीन समय की तरह रन बना सकते हैं या नहीं। इसके साथ ही विजय हजारे ट्रॉफी में खेलकर दोनों खिलाड़ी अपनी फिटनेस और मैच रूटीन को बनाए रखेंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय सीरीज में टीम इंडिया के लिए उनका योगदान और मजबूत होगा।

इस प्रकार, रोहित शर्मा और विराट कोहली का विजय हजारे ट्रॉफी में खेलना न केवल उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए अहम है, बल्कि भारतीय टीम की रणनीति और आगामी सीरीज की तैयारी के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com