रजत पाटीदार (फोटो- सोशल मीडिया)
Rajat Patidar Half Century vs Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच वानखेड़े स्टेडियम में हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिला। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन आरसीबी के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। फिल साल्ट और विराट कोहली ने पहले विकेट के लिए 120 रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत आधार दिया।
नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान रजत पाटीदार ने आते ही तूफानी अंदाज में रन बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसी के साथ पाटीदार आईपीएल में आरसीबी के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में क्रिस गेल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
रजत पाटीदार ने मयंक मारकंडे के एक ओवर में मैच का रुख ही बदल दिया। विराट कोहली के सिंगल लेने के बाद स्ट्राइक पर आए पाटीदार ने पहली गेंद पर लंबा छक्का लगाया। इसके बाद लगातार दूसरी गेंद पर भी छक्का जड़ा। तीसरी बार उन्होंने रिवर्स स्वीप खेलते हुए गेंद को बाउंड्री पार भेज दिया। इस तरह पाटीदार ने एक ही ओवर में छक्कों की हैट्रिक लगाकर मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
ये भी पढ़ें: आरसीबी ने खड़ा कर दिया पहाड़नुमा स्कोर, 20 ओवर में मुंबई इंडियंस को जीत के लिए बनाने होंगे 241 रन
आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 240 रन बनाए। टीम के टॉप ऑर्डर ने इस स्कोर में अहम भूमिका निभाई। फिल साल्ट ने 36 गेंदों में 78 रन की पारी खेली, जबकि विराट कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए। वहीं रजत पाटीदार ने 20 गेंदों में 53 रन जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इन तीनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों के दम पर आरसीबी ने मुंबई इंडियंस के सामने 241 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा।