

Virat Kohli 1000 runs vs Mumbai Indians: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में विराट कोहली शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। विराट ने इस मैच के दौरान मुंबई इंडियंस के खिलाफ टी20 क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे कर लिए। वह इस टीम के खिलाफ यह आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने ये रन आईपीएल और चैंपियंस लीग टी20 (CLT20) दोनों को मिलाकर बनाए हैं।
टी20 फॉर्मेट में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अब विराट कोहली पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। केएल राहुल इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं, जबकि शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे और सुरेश रैना भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
विराट कोहली: 1019* रन केएल राहुल: 977 रन शिखर धवन: 901 रन अजिंक्य रहाणे: 888 रन सुरेश रैना: 850 रन
इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को विराट कोहली और फिल साल्ट की जोड़ी ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 65 गेंदों में 120 रन की साझेदारी की। यह साझेदारी मुंबई इंडियंस के खिलाफ आरसीबी के लिए दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप भी रही।
फिल साल्ट ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 78 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 6 छक्के लगाए। उनके आउट होने के साथ आरसीबी को पहला झटका लगा, लेकिन तब तक टीम मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी। इससे पहले 2023 में फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली ने मुंबई के खिलाफ 148 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी, जो अब भी सबसे बड़ी है।