13 रन देकर 4 विकेट…मोहम्मद शमी की आंधी में उड़ा सर्विसेज, सेलेक्टर्स को दिखाया आईना
Mohammed Shami: मोहम्मद शमी इन दिनों घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शमी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। शमी ने सर्विसेज के खिलाफ 4 विकेट लेकर बंगाल को आसान जीत दिला दी।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
मोहम्मद शमी (फोटो-सोशल मीडिया)
Mohammed Shami Performance in SMAT: भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इन दिनों घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली में मोहम्मद शमी ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। गुरुवार को खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में मोहम्मद शमी ने 13 रन देकर 4 विकेट लिया और बंगाल को सर्विसेज के खिलाफ 7 विकेट से जीत दिला दी।
मोहम्मद शमी लगातार शानदार प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं को जवाब दे रहे हैं। हालांकि, चयनकर्ताओं ने शमी को पिछले कुछ समय से नजरअंदाज कर दिया है। शमी के बिना भारतीय टीम की गेंदबाजी अधूरी नजर आ रही है। भारत में भी लगातार भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बंगाल की टीम इस जीत के साथ पांच मैचों में चार जीत हासिल कर चुकी है। वहीं अब बंगाल की टीम अंक तालिका में 16 अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है। एक और जीत के साथ टीम नॉकआउट में क्वालीफाई कर सकती है।
ईश्वरन और पोरेल की अर्धशतकीय पारी
आईपीएल नीलामी में उतर रहे ईश्वरन ने 37 गेंद में 58 रन की पारी खेलने के अलावा अभिषेक पोरेल (29 गेंद में 56 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़े। जिससे बंगाल ने 166 रन के लक्ष्य को 15.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। इससे पहले मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए शमी ने 13 रन देकर चार जबकि आकाशदीप ने 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए। जिससे सेना की टीम 18.2 ओवर में 165 रन पर सिमट गई। वहीं ऋतिक चटर्जी ने भी 32 रन देकर दो विकेट चटकाए।
सम्बंधित ख़बरें
SL vs IND: 15 अगस्त से भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का आगाज, जानिए WTC पॉइंट्स टेबल और ICC रैंकिंग का पूरा गणित
2027 World Cup से पहले वैभव सूर्यवंशी को मिले टीम इंडिया में मौका? पूर्व चयनकर्ता ने BCCI से की बड़ी मांग
KKR ने फिर थामा रयान टेन डोशेट का हाथ, टीम इंडिया छोड़ने के बाद मिली बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय स्टार ओपनर प्रतिका रावल इंग्लैंड में खेलेंगी काउंटी क्रिकेट, Warwickshire Women से किया करार
हार्दिक पांड्या का शानदार कमबैक
चोट के बाद वापसी करते हुए पंजाब के खिलाफ तेजतर्रार पारी खेलने वाले हार्दिक पांड्या ने इस बार गेंद से प्रभावित करते हुए चार ओवर में 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया जबकि उनकी टीम बड़ौदा ने गुजरात को कम स्कोर वाले मैच में आठ विकेट से हराया। गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.1 ओवर में सिर्फ 73 रन पर ढेर हो गई। गुजरात के सिर्फ दो खिलाड़ी दोहरे अंक में पहुंच पाए। बड़ौदा की ओर से भारत के पूर्व अंडर-19 तेज गेंदबाज राज लिम्बानी ने पांच रन देकर तीन विकेट चटकाए।
यह भी पढ़ें: BCCI ने किया कन्फर्म! T20 क्रिकेट में होगी रोहित शर्मा की वापसी, इस टूर्नामेंट में दिखेंगे खेलते
बड़ौदा ने इसके जवाब में सिर्फ 6.4 ओवर में दो विकेट पर 74 रन बनाकर जीत दर्ज की। हार्दिक ने छह गेंद में 10 रन बनाए। यह भारतीय ऑलराउंडर अब छह दिसंबर को कटक के लिए रवाना होगा जहां वह नौ दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम के साथ जुड़ेगा।
पंजाब ने पुडुचेरी को हराया
पंजाब ने एकतरफा मुकाबले में पुडुचेरी को आसानी से 54 रन से हरा दिया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलील अरोड़ा के 44 रन और अभिषेक शर्मा के 34 रन की मदद से पांच विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पुडुचेरी की टीम इसके जवाब में 18.4 ओवर में 138 रन पर ढेर हो गई। सिदाक सिंह ने पुडुचेरी की ओर से सर्वाधिक 61 रन बनाए लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। पंजाब की तरफ से अभिषेक ने 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
