जितेश शर्मा का धमाका! एमएस धोनी को पीछे छोड़ IPL में रच दिया इतिहास

लखनऊ के खिलाफ आरसीबी की कप्तानी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने विस्फोटक पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने इतिहास रचते हुए एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है।
जितेश शर्मा ने रचा इतिहास, एमएस धोनी को छोड़ा पीछे
जितेश शर्मा और एमएस धोनी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

लखनऊ: जितेश शर्मा ने कमाल का खेल दिखाते हुए आरसीबी को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत दिलाकर टॉप-2 में पहुंचा दिया है। उनके इस शानदार पारी की वजह से ही आरसीबी ने ये मुकाम हासिल किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है।

आरसीबी ने अपने आखिरी लीग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है। इसके साथ ही आरसीबी क्वालीफायर 1 में पंजाब किंग्स के साथ खेलेगी। इस मैच में आरसीबी की कप्तानी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने इतिहास रचते हुए एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है।

इस मैच में जितेश शर्मा ने बल्लेबाजी करते हुए महज 33 गेंदों पर 85 रनों की नाबाद पारी खेली। जिसमें उनके बल्ले से 8 चौके और 6 छक्के निकले। इसके साथ ही जितेश ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली।

आईपीएल में रनों का पीछा करते हुए छठे या निचले क्रम के बल्लेबाज द्वारा जितेश का यह सर्वोच्च स्कोर था। इससे पहले यह रिकॉर्ड चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी के नाम था, जिन्होंने 2018 के आईपीएल में आरसीबी के खिलाफ 34 गेंदों पर 70 रन बनाए थे।

इस मैच में जितेश शर्मा का साथ मयंक अग्रवाल ने भी बखूबी दिया। दोनों के बीच 107 रनों की साझेदारी हुई। जितेश ने जहां 85 रनों की नाबाद पारी खेली, वहीं मयंक अग्रवाल ने 23 गेंदों पर 41 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 5 चौके शामिल हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि आरसीबी के लिए लखनऊ को हराना बेहद जरूरी था, क्योंकि टीम को क्वालीफायर 1 में अपनी जगह पक्की करनी थी। जितेश शर्मा की पारी से ऐसा ही हुआ। अब 29 मई को आरसीबी और पंजाब किंग्स के बीच क्वालीफायर 1 खेला जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com