एंथनी मोस्का (फोटो-सोशल मीडिया)
Italy head coach John Davison: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नेपाल को 10 विकेट से हराकर इतिहास रचने वाली इटली की टीम ने न सिर्फ मैदान पर बल्कि अपने देश में भी नई उम्मीद जगा दी है। टीम के मुख्य कोच जॉन डेविसन को विश्वास है कि यह जीत इटली के अखबारों के मुख्य पन्ने पर जगह बनाएगी और विंटर ओलंपिक की खबरें पीछे छूट जाएंगी।
ग्रुप-सी के मुकाबले में इटली ने टूर्नामेंट के अपने दूसरे ही मैच में नेपाल को एकतरफा अंदाज में हराकर पहली जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद डेविसन ने कहा, “मुझे लगता है कि यह कई देशों और खासकर इटली के अखबारों में मुख्य पेज की खबर होगी। मुझे उम्मीद है कि इस प्रदर्शन से देश में क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर हमारा प्रदर्शन शीतकालीन खेलों को खेल पन्नों के पीछे धकेल देता है, तो यह इटली में क्रिकेट के लिए अविश्वसनीय उपलब्धि होगी। इससे लोगों का ध्यान इस खेल की ओर आकर्षित होगा।”
इटली के कार्यवाहक कप्तान हैरी मानेंटी ने भी टीम के जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा कि इटली के खिलाड़ी क्रिकेट में एक अलग जुनून लेकर आते हैं। दुनिया में कई खिलाड़ी हैं जिन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिलता। हमें यह मंच मिला है और हम साबित करना चाहते हैं कि हमारे पास कितनी क्षमता है।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup में जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले भाईयों की पहली जोड़ी बनी
हैरी ने भावुक अंदाज में यह भी बताया कि उनके भाई बेन मानेंटी भी टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, “ग्रुप चरण की जीत के बाद खिलाड़ियों को रोते हुए देखना सामान्य बात नहीं है, लेकिन आपको समझना होगा कि इटली के लिए इसका क्या मतलब है। हम क्रिकेट में अपनी पहचान बना रहे हैं।” इटली की यह जीत न केवल अंक तालिका में महत्वपूर्ण है, बल्कि देश में क्रिकेट के भविष्य के लिए भी एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।
इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की टीम 123 रन ही बना सकी। इसके जवाब में इटली ने ‘मोस्का बंधुओं’ के बीच अटूट साझेदारी के साथ नेपाल के खिलाफ 10 विकेट से यादगार जीत दर्ज की। जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने महज 12.4 ओवरों में 124 रन जोड़कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। जस्टिन मोस्का 44 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 60 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि एंथनी ने 32 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए। उनकी इस पारी में 6 छक्के और 3 चौके शामिल थे।