

Nepal vs Italy, 17th Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 17वें मुकाबले में इटली ने इतिहास रच दिया। 'मोस्का बंधुओं' की जोड़ी ने अटूट साझेदारी करते हुए इटली को नेपाल के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 17वें मुकाबले में 10 विकेट से शानदार जीत दिलाई। ग्रुप-सी के इस मैच को अपने नाम करते हुए इटली ने जीत का खाता खोला।
इटली ने अपने पिछले मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ 73 रन से हार का सामना किया था, जबकि नेपाल ने इंग्लैंड के विरुद्ध अपने पिछले मैच में 4 रन से करीबी हार झेली थी। इस जीत के साथ इटली की टीम ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि लगातार दूसरी हार के बाद नेपाल सबसे निचले पायदान पर है।
मुकाबले में इटली ने टॉस जीतकर नेपाल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इस टीम को कुशल भुर्तेल (5) के रूप में 8 के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद कप्तान रोहित पौडेल ने आसिफ शेख के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 49 के स्कोर तक पहुंचाया। रोहित 14 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आसिफ ने 20 गेंदों में 2 चौकों के साथ 20 रन टीम के खाते में जोड़े। नेपाल ने 49 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आसिफ शेख के साथ चौथे विकेट के लिए 39 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
दीपेंद्र ने 18 गेंदों में 17 रन की पारी खेली, जबकि आरिफ 24 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा, करण केसी ने 18 रन की नाबाद पारी खेली। नेपाल की टीम 19.3 ओवरों में 123 के स्कोर पर सिमट गई। इटली की तरफ से क्रिशन कलुगामागे ने 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि बेन मानेंटी ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, अली हसन, जेजे स्मट्स और जसप्रीत सिंह ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में इटली ने 'मोस्का बंधुओं' के बीच अटूट साझेदारी के साथ नेपाल के खिलाफ 10 विकेट से यादगार जीत दर्ज की। जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने महज 12.4 ओवरों में 124 रन जोड़कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। जस्टिन मोस्का 44 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 60 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि एंथनी ने 32 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए। उनकी इस पारी में 6 छक्के और 3 चौके शामिल थे। नेपाल के गेंदबाज इस मैच में एक भी विकेट लेने में कामयाब नहीं हो सके।