‘स्विंग किंग’ भुवनेश्वर कुमार के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड, IPL इतिहास में ऐसा करने वाले बनेंगे दूसरे गेंदबाज
Bhuvneshwar Kumar: आईपीएल 2026 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी, जहां भुवनेश्वर कुमार के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका रहेगा।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
भुवनेश्वर कुमार (फोटो- सोशल मीडिया)
Bhuvneshwar Kumar Wickets in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। खास बात यह है कि यह मुकाबला बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा। पिछले सीजन की चैंपियन RCB इस बार भी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी, वहीं SRH की टीम भी दमदार प्रदर्शन के इरादे से मैदान में उतरेगी। ऐसे में फैंस को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
भुवनेश्वर कुमार के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका
इस मैच में जहां सभी की नजरें स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर होंगी, वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी खास चर्चा में रहेंगे। भुवी के पास इस मुकाबले में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा अवसर है। अगर वह इस मैच में 2 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो IPL इतिहास में 200 विकेट लेने वाले चुनिंदा गेंदबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे। यह उपलब्धि अब तक बहुत कम गेंदबाज हासिल कर सके हैं।
खास क्लब में शामिल होने की तैयारी
IPL के इतिहास में अब तक युजवेंद्र चहल ही ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने 200 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। उनके नाम 174 मैचों की 172 पारियों में 221 विकेट दर्ज हैं और वह इस लीग के सबसे सफल गेंदबाज भी हैं। दूसरी ओर भुवनेश्वर कुमार इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 190 मैचों में 198 विकेट हासिल किए हैं। भुवी ने IPL में दो बार चार विकेट और दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया है, जो उनकी काबिलियत को दर्शाता है।
सम्बंधित ख़बरें
Happy Birthday Venkatesh Prasad: टेनिस बॉल से टीम इंडिया तक, जानिए 90 के दशक के स्टार पेसर की अनसुनी कहानी
रिटायरमेंट के बाद पूर्व क्रिकेटरों को BCCI से कितनी मिलती है पेंशन? जानिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड का नियम
Ben Stokes Statement: बेन स्टोक्स ने कर दिया बड़ा ऐलान, संन्यास के बाद निभाना चाहते हैं यह अहम जिम्मेदारी
SL vs IND Test Series: श्रीलंका रवाना होने के बाद क्या होगा टीम इंडिया का शेड्यूल? देखें पूरी स्क्वाड
IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- युजवेंद्र चहल – 221
- भुवनेश्वर कुमार – 198
- सुनील नरेन – 192
- पीयूष चावला – 192
- रविचंद्रन अश्विन – 187
T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
- युजवेंद्र चहल – 384
- जसप्रीत बुमराह – 345
- भुवनेश्वर कुमार – 335
- पीयूष चावला – 327
- आर अश्विन – 317
ये भी पढ़ें: शुरू हुई T20 World Cup 2028 की तैयारी, 12 टीमों का स्लॉट बुक, बाकी 8 के लिए मचेगा घमासान
T20 क्रिकेट में भी शानदार रिकॉर्ड
भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन सिर्फ IPL तक सीमित नहीं है। उन्होंने T20 क्रिकेट में अब तक 335 विकेट अपने नाम किए हैं और वह इस फॉर्मेट में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे आगे केवल युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह हैं। अगर भुवी इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो वह 350 विकेट का आंकड़ा भी छू सकते हैं।
