

Rohit Sharma Batting Video Viral on Social Media: आईपीएल के आगामी सीजन से पहले रोहित पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं। इसके लिए सभी टीमों ने अपनी-अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस का कैंप भी 28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुट गया है। मुंबई के पूर्व कप्तान ने कैंप जॉइन करते ही प्रैक्टिस के दौरान शानदार छक्का जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए हैं।
मुंबई इंडियंस के कैंप से सामने आए एक वीडियो में रोहित शर्मा बेहतरीन फॉर्म में दिखे। उन्होंने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर जोरदार छक्का लगाया, जो सीधे पवेलियन में जा गिरा। खास बात यह रही कि शॉट खेलने के बाद रोहित मजाकिया अंदाज में खुद ही ‘कैच इट’ की आवाज लगाने लगे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
पिछले कुछ समय से रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन अब मैदान पर उनकी फुर्ती देखकर साफ लग रहा है कि उन्होंने इस पर काफी काम किया है। प्रैक्टिस के दौरान उनका मूवमेंट और शॉट सिलेक्शन काफी प्रभावशाली नजर आया। आने वाले सीजन में टीम को उनसे बड़े रन की उम्मीद होगी। भले ही इस बार मुंबई इंडियंस की कप्तानी हार्दिक पांड्या के हाथों में है, लेकिन रोहित शर्मा टीम के थिंक टैंक का अहम हिस्सा बने हुए हैं। उनके अनुभव का फायदा टीम को जरूर मिलेगा। पिछले कुछ सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, ऐसे में इस बार टीम बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।
आईपीएल का नया सीजन 28 मार्च से शुरू होगा, जबकि मुंबई इंडियंस अपना पहला मुकाबला 29 मार्च को खेलेगी। यह मैच कोलकाता नाइड राइडर्स के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। इस मुकाबले में टीम की नजर जीत के साथ शुरुआत करने पर रहेगी। मुंबई इंडियंस के लिए हाल के सीजन कुछ खास नहीं रहे हैं। टीम पिछले सीजन प्लेऑफ तक तो पहुंची, लेकिन आगे नहीं बढ़ सकी। वहीं 2024 में टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही थी। गौरतलब है कि मुंबई ने आखिरी बार 2020 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था।