भारतीय महिला टेस्ट क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
IND vs AUS Pink Ball Test Match: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। दौरे की शुरुआत में टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाते हुए तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। इस जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ नजर आया।
हालांकि इसके बाद खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने इस सीरीज में पूरी तरह दबदबा बनाते हुए भारत को 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। अब दोनों टीमों के बीच दौरे का आखिरी और सबसे अहम मुकाबला टेस्ट फॉर्मेट में खेला जाएगा। यह एकमात्र टेस्ट मैच होगा, जिसे पिंक बॉल से खेला जाना है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच यह मुकाबला 6 मार्च से पर्थ के वाका क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इस डे-नाइट टेस्ट मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10:50 बजे से होगी। अगर दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए टेस्ट मैचों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम का पलड़ा भारी रहा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 11 टेस्ट मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारतीय टीम सिर्फ एक मैच जीतने में सफल रही है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने चार मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि छह मैच ड्रॉ पर खत्म हुए हैं।
पर्थ के वाका क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाने वाले इस पिंक बॉल टेस्ट मैच का सीधा प्रसारण भारतीय दर्शक टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के जरिए भी इस मुकाबले का आनंद लिया जा सकता है। जो दर्शक मोबाइल या इंटरनेट के माध्यम से मैच देखना चाहते हैं, वे जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे। फैंस इस प्लेटफॉर्म पर लॉगिन करके आसानी से पूरे मैच का सीधा प्रसारण देख सकते हैं।
ये भी पढ़ें: चार्टर्ड प्लेन से वेस्टइंडीज लौटेंगे कैरेबियाई खिलाड़ी, चार दिनों से भारत में फंसी थी टीम
भारतीय महिला टीम- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, अमनजोत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), प्रतीक रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, काश्वी गौतम, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा, सायाली सतघरे।
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम- एलिसा हीली (कप्तान), डार्सी ब्राउन, मैटलन ब्राउन, एश्ले गार्डनर, लूसी हैमिल्टन, अलाना किंग, फोएबे लिचफील्ड, बेथ मूनी (विकेटकीपर), ताहलिया मैकग्राथ, एलिस पेरी, एनाबेल सदरलैंड, रेचल ट्रेनमैन, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहम।