रोहित-यशस्वी की आंधी में उड़ा अफगानिस्तान, IND ने 9 विकेट से जीता आखिरी वनडे, कप्तान गिल ने रचा इतिहास
India VS Afghanistan 3rd ODI: चेन्नई मे खेले गए तीसरे वनडे में प्रसिद्ध कृष्णा की शानदार गेंदबाजी और जायसवाल के तूफानी शतक की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से रौंदकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की।
- Written By: अमन मौर्या
यशस्वी जायसवाल (फोटो सोर्स- आईएएनएस)
Yashasvi Jaiswal Century: भारत ने शनिवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के अंतिम मुकाबले में अफगानिस्तान को 9 विकेट से मात देकर 3-0 से क्लीन स्वीप किया है। इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जिसके बाद रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 170 रन की मजबूत साझेदारी की। यह बतौर कप्तान शुभमन गिल की पहले वनडे सीरीज जीत है।
218 रनों पर सिमटी अफगानिस्तान
चेन्नई में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम 44.2 ओवरों में महज 218 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम 36 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने अजमतुल्लाह ओमरजाई के साथ पांचवें विकेट के लिए 114 गेंदों में 105 रन जोड़कर टीम को संभाला।
ओमरजाई-नबी ने संभाला टीम
ओमरजाई 56 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 50 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान ने मोहम्मद नबी के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन जुटाए। नबी 21 रन टीम के खाते में जोड़कर आउट हुए। अफगानिस्तान ने 198 के स्कोर पर अपना छठा विकेट गंवाया, जिसके बाद महज 218 के स्कोर तक पूरी टीम सिमट गई। कप्तान शाहिदी आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 131 गेंदों में 1 छक्के और 13 चौकों के साथ 102 रन बनाए।
सम्बंधित ख़बरें
IND vs AFG: ODI सीरीज में गुरनूर बराड़ का धमाका, 7 विकेट लेकर रचा इतिहास
IND A vs SL A Final: श्रीलंका से बदला लेने उतरेंगे वैभव सूर्यवंशी, जानें कब, कहां और कैसे देखें लाइव मुकाबला
IND vs AFG: अफगानिस्तान ने जीता टॉस, भारत को दिया गेंदबाजी का न्योता, टीम इंडिया में हुए 3 बड़े बदलाव
IND vs AFG 3rd ODI: चेपॉक में बल्लेबाजों की मौज या गेंदबाजों का राज? पिच रिपोर्ट से दूर करें हर कन्फ्यूजन
कृष्णा ने मारा ‘पंजा’
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8.2 ओवरों में 23 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए। गुरनूर बरार, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
28.4 ओवरों में जीता मुकाबला
इसके जवाब में भारत ने सिर्फ 28.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया को रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों के बीच 137 गेंदों में 170 रन की साझेदारी हुई। रोहित 69 गेंदों में 79 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 9 चौके शामिल रहे।
यशस्वी का शानदार शतक
यहां से जायसवाल ने श्रेयस अय्यर के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 54 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। जायसवाल ने अपने छठे वनडे मैच में दूसरा शतक जड़ा। इस पारी में उन्होंने 86 गेंदों का सामना किया, जिसमें 3 छक्के और 14 चौकों के साथ नाबाद 110 रन बनाए, जबकि अय्यर 19 गेंदों में 20 रन बनाकर नाबाद रहे। मेजबान टीम के लिए एकमात्र विकेट मोहम्मद नबी ने हासिल किया।
ये भी पढ़ें- भतीजे के मोह में फंसीं ममता इंदिरा जैसी कर रहीं भूल, मायावती से सीख लेने की सलाह; रशीद किदवई का बड़ा दावा
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच पारी और 300 रन के अंतर से अपने नाम किया था। इसके बाद टीम इंडिया ने वनडे सीरीज का पहला मैच 7 विकेट से जीता, जबकि दूसरे मुकाबले को 170 रन से जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया था।
एजेंसी इनपुट के साथ…
