IND vs NZ: जसप्रीत बुमराह की वापसी, रवि बिश्नोई ने मारी प्लेइंग XI में एंट्री, गुवाहाटी में ऐसी है टीम इंडिया
IND vs NZ: गुवाहाटी में खेले जा रहे तीसरे टी20आई मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम आज का मुकाबला जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाएंगे।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
भारत बनाम न्यूजीलैंड (फोटो-सोशल मीडिया)
India vs New Zealand, 3rd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में भारतीय टीम दो बदलाव के साथ उतरी है। जसप्रीत बुमराह के साथ रवि बिश्नोई को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
भारतीय टीम में अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती के स्थान पर जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई को शामिल किया गया है। वहीं, कीवी टीम में जैकरी फाउल्क्स की जगह काइल जेमीसन को मौका मिला है। न्यूजीलैंड की नजरें टी20 सीरीज में पहली जीत पर होगी।
भारत ने जीता टॉस
टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे। यह विकेट अच्छा दिख रहा है। रात में ओस पड़ेगी। हमने टीम में दो बदलाव किए हैं। अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती को आराम दिया गया है। जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई टीम में लौटे हैं।”
सम्बंधित ख़बरें
टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है India A, सेमीफाइनल और फाइनल की रेस में बने रहने का ये है एकमात्र रास्ता
BCCI की तरफ से बड़ा ऐलान, टीम इंडिया के स्क्वॉड में बड़ा बदलाव करते हुए इस खिलाड़ी की हुई एंट्री
‘खत्म हो गया अब घर जाओ…,’ तो इसलिए श्रीलंकाई टीम के अकेले भिड़ गए वैभव सूर्यवंशी? जानिए विवाद की असली जड़
IND A vs SL A: भारत के लिए संकटमोचक बने सूर्यांश और विपराज, श्रीलंका के सामने खड़ा किया 265 रन का स्कोर
सेंटनर भी पहले करना चाहते थे गेंदबाजी
दूसरी ओर, कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा, “मुझे लगा कि हमने पिछले मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की। हम पिछले मुकाबले से सीख लेकर उसे इस मैच में लागू करेंगे। नीशम खेलने वाले थे लेकिन अब नहीं खेल रहे हैं। जैकरी फाउल्क्स की जगह काइल जैमीसन टीम में आए हैं।”
भारतीय टीम की नजरें सीरीज जीत पर
टीम इंडिया पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर चुकी है। ऐसे में मेजबान देश इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा। वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद भारत ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध पहला टी20 मैच 41 रन से, जबकि दूसरा मुकाबला 48 रन से अपने नाम किया था। ऐसे में कीवी टीम को सीरीज जीतने की उम्मीद कायम रखने के लिए यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा को भारत सरकार का बड़ा सम्मान, वर्ल्ड कप विजेता कप्तान समेत 9 खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कार
हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत ने जनवरी 2024 से अब तक 47 टी20 मुकाबलों में 42 जीते हैं। सिर्फ 4 ही मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से, न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत के खिलाफ एक भी टी20 मैच नहीं जीता है। इस टीम ने 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 5 मुकाबले गंवाए, जबकि 3 मैचों का नतीजा नहीं निकला।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारतीय टीम: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड टीम: डेवोन कॉन्वे, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी और जैकब डफी।
