Nepal Cricket Team Captian Rohit Paudel
Iran-Israel war Impacts Cricket: मिडिल ईस्ट में ईरान और इजराइल के बीच शुरू हुए युद्ध के चलते हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस स्थिति का असर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर भी पड़ने लगा है। फिलहाल जहां दुनिया भर की नजरें टी20 वर्ल्ड कप पर टिकी हैं, वहीं साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां भी जारी हैं। इस टूर्नामेंट में 8 टीमें पहले ही तय हो चुकी हैं, जबकि बाकी दो टीमों को क्वालीफायर राउंड के जरिए जगह मिलती है।
वनडे वर्ल्ड कप के क्वालीफिकेशन सिस्टम का अहम हिस्सा क्रिकेट वर्ल्ड लीग 2 है। इस लीग में कुल आठ टीमें भाग लेती हैं और उनके बीच तीन साल तक मुकाबले खेले जाते हैं। इस लीग के अंत में टॉप चार टीमें अगले चरण में पहुंचती हैं, जहां से दो टीमें मुख्य टूर्नामेंट के लिए अपनी जगह पक्की करती हैं। इसी प्रक्रिया के तहत नेपाल की मेजबानी में नेपाल, ओमान और यूएई के बीच ट्राई सीरीज खेली जानी थी, जो अब स्थगित कर दी गई है।
नेपाल की मेजबानी में यह ट्राई सीरीज 10 से 20 मार्च के बीच खेली जानी थी। इसके सभी मुकाबले कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले थे। इस सीरीज में कुल छह मैच खेले जाने थे, लेकिन मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए आयोजकों ने इसे टालने का फैसला लिया है। नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस फैसले की जानकारी दी। बोर्ड ने बताया कि आईसीसी और भाग लेने वाले देशों के क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा के बाद इस ट्राई सीरीज की नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण सुरक्षा और यात्रा से जुड़ी चिंताएं बढ़ गई हैं, जिसकी वजह से यह कदम उठाया गया है।
Notice: CWC League 2 Matches Postponed In light of the current situation in the Middle East, the CWC League 2 matches scheduled to begin on March 10 in Kathmandu have been postponed until further notice. The affected fixtures include the matches involving Oman, UAE, and Nepal.… — CAN (@CricketNep) March 4, 2026
ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की वजह से मिडिल ईस्ट के कई देशों ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। इसका असर अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर भी पड़ा है। कई क्रिकेट टीमों को भी यात्रा में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें: अर्जुन-सानिया की शादी में सितारों ने की शिरकत, क्रिकेटरों की पत्नियों ने लगाया ग्लैमर का तड़का; देखें तस्वीरें
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने वाली कुछ टीमें अभी तक अपने देश नहीं लौट पाई हैं। वेस्टइंडीज की टीम का सफर एक मार्च को ही खत्म हो गया था, लेकिन एयरस्पेस बंद होने की वजह से वह तुरंत अपने देश नहीं जा सकी। अब टीम पांच मार्च को चार्टर्ड विमान से अपने घर के लिए रवाना हो रही है। इसी तरह जिम्बाब्वे की टीम को भी वापसी के लिए इंतजार करना पड़ा। मौजूदा हालात को देखते हुए क्रिकेट के कार्यक्रमों पर भी अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।