IND vs WI 2nd Test: दिल्ली की पिच पर कोच गंभीर का फूटा गुस्सा, बोले- टेस्ट क्रिकेट को जिंदा…
IND vs WI 2nd Test Match Pitch: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैदान की पिच लेकर गौतम गंभीर ने नाराजगी व्यक्त की है।
- Written By: संजय बिष्ट
दिल्ली टेस्ट की पिच को लेकर भड़के गौतम गंभीर (फोटो- सोशल मीडिया)
Gautam Gambhir about Delhi Test: भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया। अरुण जेटली स्टेडियम में सीरीज का दूसरा मैच खेला गया, जिसमें भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का मानना है कि दिल्ली की पिच बेहतर हो सकती थी। न्यूजीलैंड के हाथों घरेलू मैदान पर 3-0 से मिली करारी हार के बाद, भारत ने अहमदाबाद और दिल्ली दोनों जगहों पर सपाट पिचें बनाईं।
हमें बेहतर विकेट मिल सकता था- गौतम गंभीर
अहमदाबाद में वेस्टइंडीज दोनों ही पारियों में 50 ओवर तक नहीं खेल सकी, लेकिन दिल्ली में पिछली पारियों से सबक लेते हुए सपाट पिच पर बेहतर प्रदर्शन किया। गंभीर ने पिच पर आपत्ति जताते हुए कहा, “मुझे लगा था कि यहां हमें बेहतर विकेट मिल सकता था। तेज गेंदबाजों के लिए भी पिच में कुछ होना चाहिए। मुझे पता है कि हम स्पिनर्स की अहम भूमिका के बारे में बात करते रहते हैं, लेकिन जब आपके पास दो अच्छे तेज गेंदबाज हों, तो आप चाहते हैं कि वे मैच में बने रहें।”
हम सभी पर टेस्ट क्रिकेट को जिंदा रखने की जिम्मेदारी- गौतम गंभीर
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि आगे चलकर हम टेस्ट क्रिकेट में बेहतर विकेट हासिल कर सकते हैं, क्योंकि हम सभी पर टेस्ट क्रिकेट को जिंदा रखने की जिम्मेदारी है। मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट को जिंदा रखने के लिए सबसे जरूरी चीज अच्छी पिचों पर खेलना है।”
सम्बंधित ख़बरें
‘शहीद हमेशा अमर रहते हैं’, गंभीर और हरभजन ने Jallianwala Bagh के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
गौतम गंभीर की बड़ी कानूनी जीत, दिल्ली हाई कोर्ट का आदेश- तुरंत हटाएं डीप फेक और फर्जी वीडियो
गौतम गंभीर की ‘खूंखार’ इमेज पर सौरव गांगुली का बड़ा बयान, कहा- कठोर होने की जरूरत नहीं, वो…
गौतम गंभीर का बड़ा कदम, दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाकर की सख्त मांग; जानें किस बात पर भड़के कोच?
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच को पारी और 140 रन से जीता था। इसके बाद टीम इंडिया ने दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट की पहली पारी 518/5 के स्कोर पर घोषित करने के बाद वेस्टइंडीज को 248 रन पर समेट दिया। इसी के साथ भारत ने पहली पारी के आधार पर 270 रन की बढ़त हासिल कर ली।
ये भी पढ़ें: वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का क्लीन स्वीप, इन दिग्गजों ‘शुभमन एंड कंपनी’ की तारीफ में बांधे पुल
वेस्टइंडीज की टीम फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर हुई। इस टीम ने दूसरी पारी में 390 रन बनाकर भारत को जीत के लिए 121 रन का लक्ष्य दिया, जिसे टीम इंडिया ने आसानी से हासिल कर लिया। उम्मीद की जा रही है कि जब भारत 14 नवंबर से कोलकाता में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट मैच खेलेगा, तब पिच पर ध्यान केंद्रित हो सकता है।
IANS इनपुट के साथ
