WPL 2026: वडोदरा में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों का दबदबा, RCB को 109 रनों पर किया ढेर

RCBW vs DCW: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 110 रनों का आसान लक्ष्य दिया। स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस की अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम 109 रन पर आउट हुई।
Royal Challengers Bengaluru Women vs Delhi Capitals Women
दिल्ली कैपिटल्स (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Royal Challengers Bengaluru Women vs Delhi Capitals Women:  रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के 15वें मुकाबले में जीत के लिए सिर्फ 110 रन का टारगेट दिया है। आरसीबी ने इस सीजन अब तक अपने सभी पांच मैच जीते हैं। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर रहते हुए अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।

दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स 5 में से 2 मैच जीतकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर मौजूद है। इस टीम ने 17 जनवरी को आरसीबी के विरुद्ध सीजन का 11वां मैच 8 विकेट से गंवाया था। ऐसे में कैपिटल्स के पास पिछली हार का बदला लेते हुए प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति सुधारने का शानदार मौका है।

आरसीबी 109 रनों पर सिमटी

बीसीए स्टेडियम में शनिवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी 109 रन पर सिमट गई। इस टीम को ग्रेस हैरिस और कप्तान स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवरों में 36 रन जुटाए। हैरिस 13 गेंदों में 2 चौकों के साथ 9 रन बनाकर आउट हुईं। यहां से कप्तान मंधाना ने जॉर्जिया वोल के साथ दूसरे विकेट के लिए 26 रन जोड़ते हुए टीम को 62 के स्कोर तक पहुंचाया। मंधाना 34 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुईं।

यहां से विकेटों का पतझड़ लग गया। हालांकि, इस बीच राधा यादव ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 17 गेंदों में 18 रन से ज्यादा नहीं बना सकीं। उनकी इस पारी में 1 छक्का शामिल रहा। इस पारी में सिर्फ 2 ही बल्लेबाजों ने दहाई के आंकड़े को छुआ। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से नंदिनी शर्मा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि चिनेल हेनरी, मारिजान काप और मिन्नु मणि को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं। श्री चरणी ने 1 विकेट अपने नाम किया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

जेमिमा रोड्रिग्स की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स इस मुकाबले में शेफाली वर्मा, लिजेल ली (विकेटकीपर), लौरा वोल्वाट, मारिजैन कप्प, निकी प्रसाद, चिनेले हेनरी, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी और नंदनी शर्मा के साथ उतरी है।

दूसरी ओर, स्मृति मंधाना के नेतृत्व में आरसीबी इस मैच में ग्रेस हैरिस, जॉर्जिया वोल, गौतमी नाइक, ऋचा घोष (विकेटकीपर), नादिन डी क्लार्क, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, सयाली सतघरे और लॉरेन बेल के साथ मैदान पर उतरी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com