राहुल द्रविड़ (फोटो- सोशल मीडिया)
BCCI Naman Awards 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अपने सालाना सम्मान समारोह नमन अवॉर्ड्स का आयोजन इस बार 15 मार्च की शाम दिल्ली में करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में घरेलू और इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। बीसीसीआई इस समारोह को भारतीय क्रिकेट की उपलब्धियों का बड़ा जश्न बनाने की तैयारी में है। पिछले कुछ साल भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद सफल रहे हैं, जिसमें पुरुष और महिला दोनों टीमों ने इंटरनेशनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।
बीसीसीआई ने अवॉर्ड समारोह से पहले सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों की सूची भी जारी कर दी है। इस बार पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। द्रविड़ ने भारतीय क्रिकेट को खिलाड़ी और कोच दोनों रूपों में बड़ी सेवाएं दी हैं। उनके अलावा रोजर बिन्नी और मिताली राज को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित करने का फैसला किया गया है। वहीं मौजूदा भारतीय कप्तान शुभमन गिल को बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर पुरुष के अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।
A night to honour the stars ✨ Watch the Naman Awards on JioHotstar and Star Sports 1, 15th March from 6:45 PM onwards. https://t.co/FtnH8kI2ql — Star Sports (@StarSportsIndia) March 14, 2026
नमन अवॉर्ड्स समारोह का इंतजार भारतीय क्रिकेट फैंस को काफी समय से है। इस कार्यक्रम में कई खास पल और यादगार किस्से भी सुनने को मिलेंगे। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी भी इस समारोह में मौजूद रहेंगे। अगर लाइव टेलीकास्ट की बात करें तो इसका प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं फैंस इस अवॉर्ड समारोह को ऑनलाइन जियो हॉटस्टार ऐप के जरिए भी देख सकते हैं। भारतीय समयानुसार इसका लाइव प्रसारण शाम 6:45 बजे से शुरू होगा।
नमन अवॉर्ड्स समारोह में बीसीसीआई उन पांच भारतीय कप्तानों को भी सम्मानित करेगी, जिन्होंने पिछले एक साल में आईसीसी ट्रॉफी जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इसमें चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान शामिल हैं। इसके अलावा महिला वनडे वर्ल्ड कप, अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप और अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीमों के कप्तानों को भी सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह भारतीय क्रिकेट की हालिया सफलताओं का जश्न माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के चैंपियन कप्तान का बड़ा फैसला, इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास