राहुल द्रविड़ को मिलेगा BCCI का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, जानें कब होगा इस सेरेमनी का आयोजन

BCCI Lifetime Achievement Award: बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ को एक खास सम्मान देने का फैसला किया है। बीसीसीआई द्रविड़ को कर्नल सी. के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित करेगी।
BCCI Lifetime Achievement Award to Rahul Dravid
राहुल द्रविड़ (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rahul Dravid: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) 15 मार्च को नई दिल्ली में सालाना अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन करने जा रही है। बीसीसीआई नमन अवॉर्ड के जरिए एक साल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करेगा। इसके साथ ही बीसीसीआई पुराने खिलाड़ियों को भी सम्मानित करता है। मिली जानकारी के अनुसार, इस अवॉर्ड सेरेमनी में पूर्व कोच राहुल द्रविड़ को कर्नल सी. के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, राहुल द्रविड़ को नमन अवॉर्ड के दौरान बीसीसीआई लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। द्रविड़ ने कोच के रूप में भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर भी उन्होंने इंग्लैंड और वेस्टइंडीज में भारत को ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

यह पुरस्कार पाने वाले 32वें खिलाड़ी बनेंगे द्रविड़

रिपोर्ट के अनुसार, द्रविड़ इस प्रतिष्ठित सम्मान को पाने वाले खास लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। वो लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड पाने वाले 32वें खिलाड़ी बनेंगे। इससे पहले पिछले साल महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी यही सम्मान दिया गया था। सबसे पहले यह खास सम्मान पूर्व कप्तान लाला अमरनाथ को दिया गया था। लाला अमरनाथ 1994 में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड पाने वाले पहले क्रिकेटर थे। जानें किसे मिल चुका है यह खास पुरस्कार। 

BCCI लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड विजेता की लिस्ट

क्रमांक विजेता का नाम वर्ष
1 लाला अमरनाथ 1994
2 सैयद मुश्ताक अली 1995
3 विजय हजारे 1996
4 के. एन. प्रभु 1997
5 पॉली उमरीगर 1998
6 हेमू अधिकारी 1999
7 सुभाष गुप्ते 2000
8 मंसूर अली खान पटौदी 2001
9 बी. बी. निंबालकर 2002
10 चंदू बोर्डे 2003
11 बिशन सिंह बेदी 2004
12 श्रीनिवास वेंकटराघवन 2004
13 ई. ए. एस. प्रसन्ना 2004
14 बी. एस. चंद्रशेखर 2004
15 नारी कॉन्ट्रैक्टर 2007
16 गुंडप्पा विश्वनाथ 2008
17 मोहिंदर अमरनाथ 2009
18 सलीम दुरानी 2010
19 अजीत वाडेकर 2011
20 सुनील गावस्कर 2012
21 कपिल देव 2013
22 दिलीप वेंगसरकर 2014
23 सैयद किरमानी 2015
24 राजिंदर गोयल 2016
25 पद्माकर शिवालकर 2016
26 पंकज रॉय 2017
27 अंशुमान गायकवाड़ 2018
28 कृष्णमाचारी श्रीकांत 2019
29 फारुख इंजीनियर 2023
30 रवि शास्त्री 2023
31 सचिन तेंदुलकर 2024

भारतीय बल्लेबाज़ शुभमन गिल को पिछले साल उनके शानदार प्रदर्शन के लिए पॉली उमरीगर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा, जो बेस्ट मेन्स इंटरनेशनल क्रिकेटर को दिया जाता है। गिल ने पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए भारत को यादगार 2-2 से टेस्ट सीरीज़ ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी।इससे पहले यह प्रतिष्ठित सम्मान भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को मिला था, जिन्होंने पिछले साल यह अवॉर्ड अपने नाम किया था।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) नमन अवॉर्ड के दौरान हाल की अंतरराष्ट्रीय सफलताओं का जश्न मनाने की योजना बना रहा है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने IANS से बातचीत में बताया कि बीसीसीआई अवॉर्ड्स समारोह 15 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम सहित सभी आईसीसी टूर्नामेंट विजेताओं और उनके कोचों को इस समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com