बांग्लादेश क्रिकेट में हुआ बड़ा तख्तापलट, तमीम इकबाल बने BCB के नए अध्यक्ष, अमीनुल इस्लाम की हुई छुट्टी
Aminul Islam Bulbul: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल पर कई डायरेक्टर्स ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मई 2025 में पद संभालने के बाद उनका कार्यकाल लगातार विवादों में घिरा रहा है।
- Written By: संजय बिष्ट
अमीनुल इस्लाम (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Bangladesh Cricket Board News: बांग्लादेश क्रिकेट में पिछले कुछ दिनों से लगातार उथल-पुथल देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में बोर्ड ने एक बड़ा फैसला लेते हुए 7 अप्रैल को पूर्व क्रिकेटर अमीनुल इस्लाम को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया है। यह फैसला बोर्ड के अंदर बढ़ते असंतोष और विवादों के बाद लिया गया है।
अमीनुल इस्लाम पर लगे गंभीर आरोप
अमीनुल इस्लाम बुलबुल के कार्यकाल के दौरान बोर्ड के कई निदेशकों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन पर आरोप लगाए गए कि वह मनमाने तरीके से फैसले ले रहे थे और बोर्ड के नियमों का सही तरीके से पालन नहीं कर रहे थे। इन आरोपों के चलते बोर्ड के भीतर असंतोष बढ़ता गया और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई डायरेक्टरों ने इस्तीफा तक दे दिया।
तमीम इकबाल को सौंपी गई जिम्मेदारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमीनुल को हटाने के बाद बोर्ड ने एक 11 सदस्यीय एड-हॉक कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी को तब तक के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है, जब तक नए अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता। इस पैनल की अगुवाई के लिए तमीम इकबाल को चुना गया है, जो बांग्लादेश टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं। अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती बोर्ड में स्थिरता लाना और विवादों को खत्म करना होगा।
सम्बंधित ख़बरें
‘3D प्लेयर’ विजय शंकर ने IPL और घरेलू क्रिकेट को कहा अलविदा, खुद बताई आगे की प्लानिंग
गुजरात के गबरू जवानों का तहलका, गिल और साई ने कर दिया कमाल, एक IPL सीजन में पार किया 600 रनों का आंकड़ा
चेन्नई में फैंस की दीवानगी, CSK vs GT का मैच देखने दूर-दूर से स्टेडियम पहुंचे फैंस, मगर खली MS Dhoni की कमी
Jasprit Bumrah ने 2 साल से नहीं खेला कोई ODI मैच, अब टीम इंडिया में वापसी के लिए BCCI ने तैयार किया ब्लूप्रिंट
टी20 वर्ल्ड कप विवाद बना बड़ा कारण
अमीनुल के कार्यकाल में सबसे बड़ा विवाद तब सामने आया, जब बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने भारत में खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से अपना नाम वापस ले लिया था। इस फैसले ने क्रिकेट जगत में काफी हलचल मचा दी थी। माना जा रहा है कि इस पूरे मामले को सही तरीके से संभालने में नाकामी भी उनके पद से हटाए जाने की एक बड़ी वजह बनी।
ये भी पढ़ें: गुवाहाटी में मंडरा रहे काले बादल, क्या बारिश बिगाड़ेगी राजस्थान और मुंबई का खेल?
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे विवाद के दौरान अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ नजरूल ने भी अमीनुल पर दबाव बनाया था। इसके अलावा नई सरकार ने इस मामले की स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं और बोर्ड के नए अध्यक्ष के चुनाव कराने की सिफारिश की है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि तमीम इकबाल की अगुवाई में बनी नई कमेटी बांग्लादेश क्रिकेट को किस दिशा में लेकर जाती है और क्या वह बोर्ड में स्थिरता बहाल कर पाते हैं या नहीं।
